हरियाणा में 3 दिन हुई बरसात के बाद शनिवार सुबह सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला। साथ ही कई जगहों पर हल्की धुंध भी छाई रही। मौसम में परिवर्तन के साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। जिससे अब दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ रात के तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है। मौसम परिवर्तन के कारण दिन के समय में अभी भी गर्मी रहेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी।

 

24 अक्टूबर से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में हल्के बदलाव की संभावना है। जिसका असर हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में देखने को मिलेगा। हालांकि, शनिवार सुबह फरीदाबाद, हिसार, भिवानी, गुरुग्राम में कोहरा छाया रहा। वहीं, सोनीपत, पानीपत समेत आसपास के एरिया में हल्की धुंध रही। मौसम के इस परिवर्तन से सुबह-शाम पड़ने वाली ठंड की दस्तक हो चुकी है। फिलहाल, मौसम विभाग ने बारिश या आंधी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। 27 अक्तूबर से मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 30 अक्तूबर बारिश की संभावना बन रही है।


यह भी पढ़ें: 'आतंकी पैदा करना चाहती है कांग्रेस', विपक्ष पर जमकर भड़के राजनाथ सिंह

बालसमंद में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड

हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 31.8 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हिसार के बालसमंद में शनिवार को सबसे अधिक 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, हिसार में 30.7 डिग्री और अंबाला में 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। साथ ही चरखी दादरी और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री रहा। यमुनानगर में रात का तापमान 16.4 और करनाल, कैथल, पानीपत और अंबाला में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर फिर हमला, एक की मौत, 2 जख्मी

लाइट जलाकर गाड़ी चलाते दिखे ड्राइवर

हरियाणा में करीब तीन दिन हुई बरसात के बाद शनिवार सुबह कई जगह कोहरा तो जीटी बेल्ट पर कई जगह हल्की धुंध देखने को मिली। जिसके चलते शनिवार सुबह के समय वाहन चालक अपने वाहनों की लाइटें जगाकर वाहन चलाते दिखे।