राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई है। आरोप है कि उनके ऊपर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला किया गया था। वह जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने उन्हें बचान की कोशिश की लेकिन मौत हो गई। यहीं पर करीब 11:30 पर उन्होंने आखिरी सांस ली।
अतर सिंह भड़ाना वैर थाना क्षेत्र के भौंड़ा गांव में एक साल से बंद पड़े स्टोन क्रेशर को दोबारा चालू करवाने पहुंचे थे। यहां के ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर के लिए चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। इसी अतिक्रमण के खिलाफ गांव वाले 10-15 दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। यहां ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के बीच विवाद हिंसक हो गया। उन पर यहीं हमला हुआ। गंभीर हालत में उन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
क्रेशर प्लांट पर क्या हुआ?
बीते रविवार अतर सिंह भड़ाना भौड़ा गांव के अपने क्रेशर प्लांट पर पहुंचे हुए थे। वह यहां अपने स्टोन क्रेशर को चालू करवा रहे थे जो करीब एक साल से बंद पड़ा था। इस दौरान भौड़ा गांव के निवासियों ने भड़ाना पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में अतर सिंह भड़ाना और उनके साथी गनन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पूर्व विधायक और उनके सहयोगी गनन शर्मा को पहले वैर उप जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद अतर सिंह भड़ाना को जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान यहां उनका मौत हो गई।
पूर्व विधायक की पत्नी ने उठाए सवाल
अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस को हर दिन की सूचना दी जा रही थी। फिर भी प्रशासन ने कोर्ई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने दूसरे पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि, क्रेशर की लीज का कनेक्शन काट दिया गया था। वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। लीज पर जाने वाले लोगों को भी वहां से भगाया जा रहा था। पत्नी कमलेश ने अतर सिंह भड़ाना को गोली लगने की बात भी कही है। हालांकि प्रशासन और मेडिकल विभाग ने गोली चलने की बात की पुष्टि नहीं की है।
क्या हैं ग्रामीणों के आरोप?
भौड़ा गांव के लोगों का आरोप है कि क्रेशर के लिए चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। यह भी आरोप लगाया गया कि वहां अवैध खनन का काम किया जा रहा था। गांव वालों के मुताबिक, लीज तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर भी विवाद था। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 10-15 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रविवार शाम भड़ाना पक्ष के 40-50 लोग घटना स्थल पर पहुंचे और उन्हें वहां से हटा दिया गया। इसके बाद विवाद बढ़ा और दोनों तरफ से लाठी-पत्थर चलने लगे। इस दौरान अंतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूर्व विधायक की हत्या के बाद गांव में माहौल गंभीर है। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर दिए हैं। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
