उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस ने इको कार को पीछे से टक्कर मार दी है। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौत हो गई है। सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घायलों को आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया है। राजस्थान और आगरा से पति पत्नी की मौत हो गई है। दुर्घटना सुबह करीब चार बजे सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के पास हुई है।
दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने संतुलन खो दिया। बस ने आगे चल रही इको कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात बाधित हो गया।
यह भी पढ़ें: 'शादी के दो साल बाद पति से...', ज्योतिषी की बात सुनकर दे दी जान
दिल्ली से धौलपुर जा रहे थे सभी यात्री
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। बच्चों की हालत नाजुक होने पर उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इको कार में सवार सभी लोग दिल्ली के प्रेम नगर क्षेत्र से राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: एक्स मुस्लिम पर हमला किया, UP पुलिस के एनकाउंटर में ढेर हुआ आरोपी
मृतक का नाम
मृतकों की पहचान दिनेश पुत्र हुकम सिंह, सुनीता पत्नी दिनेश, लोकेश पुत्र भूरी सिंह, विजय बघेल पुत्र सुखराम, पिंकी बघेल पत्नी विजय बघेल और नत्थो देवी पत्नी अमर सिंह के रूप में हुई है।
बस चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद बस को खंदौली पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
