हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह करीब सवा 7 बजे एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यह हादसा हुआ। बस पलटकर नीचे की सड़क पर जा गिरी। इस दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
चुराह घाटी का यह पहाड़ी मार्ग लगभग 27 किलोमीटर लंबा है। यह रास्ता बेहद संकरा है और कई जगहों पर गहरी खाइयां हैं। यह मार्ग ऊंचाई पर स्थित साच दर्रे की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में से एक माना जाता है। दुर्घटना के समय यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
यह भी पढ़ें: हिलिंग-लामू रोड पर बड़ा हादसा, 600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; दो की मौत
रेस्क्यू में जुटी कई टीमें
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और राजस्व विभाग के कर्मियों की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
11 लोगों की हालत गंभीर
स्थानीय प्रधान मंधी राणा ने भी पुष्टि की कि बचाव कार्य जारी है। पुलिस के अनुसार कुछ यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, इसलिए हताहतों की संख्या आगे बढ़ने की आशंका बनी हुई है। घायल 11 लोगों में से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चंबा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने कहा कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर क्या कहा?
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, 'चंबा जिले के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में सात लोगों के निधन तथा 11 अन्य लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुःखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जन की आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।'
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा, मां ने 3 बच्चों संग तालाब में लगाई छलांग, 2 की मौत
डरा रहे हैं सड़क हादसों से हुई मौत
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनका उचित इलाज कराया जाए किया जाए। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की। पुलिस ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश में मौजूदा मानसून सीजन के दौरान 30 जून से 7 अगस्त तक सड़क हादसों में कुल 78 लोगों की मौत हो चुकी है।
