दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। दोपहर बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में आसमान पर घने बादल छा गए, जिसके बाद कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ घंटों में मौसम और अधिक खराब हो सकता है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तेज हवाएं चलने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में एक और 'राजा' की सियासी एंट्री, शिमला की सियासत में कांग्रेस को खतरा

6 जून तक बारिश के आसार

गुरुवार को कई इलाकों में तेज हवा और धूलभरी आंधी देखने को मिली। अचानक बदले मौसम के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट आई और उमस भरे मौसम से राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

यह भी पढ़ें: भारत निर्माण युवा दल शिविर में आयोजित हुआ साइबर क्राइम जागरूकता सत्र

IMD के अनुसार 6 जून तक दिल्ली-NCR में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान एक या दो दौर की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। तेज हवाओं के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है।

केरल में मानसून की दस्तक

इस बीच, देश के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। आईएमडी ने गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल तट पर पहुंचने की आधिकारिक घोषणा कर दी। इसके साथ ही देश के चार महीने लंबे वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है लेकिन इस बार यह करीब तीन दिन की देरी से पहुंचा।