बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर कुंदन कृष्णा पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि फेसबुक के जरिए दारोगा से उसकी दोस्ती हुई, दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और इसके बाद दारोगा ने मंदिर में उससे शादी की। शादी के बाद करीब सात महीने तक अलग-अलग होटलों में ले जाकर शोषण किया और बाद में साथ रखने से इनकार कर दिया। महिला आयोग के संज्ञान और दखल के बाद मुंगेर महिला थाना में आरोपी दारोगा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी दारोगा फिलहाल जमुई जिले में तैनात बताया जा रहा है।

 

पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2026 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान कुंदन कृष्णा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन और वाट्सऐप कॉल पर बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती के अनुसार, दोनों घंटों बात करते थे। दारोगा ने उसे शादी का भरोसा दिया था। युवती का आरोप है कि 13 फरवरी को कुंदन ने उसे मुंगेर के पीर पहाड़ बुलाया। वहां उसकी मांग में सिंदूर डालकर शादी की। इसके बाद दोनों चंडिका स्थान पहुंचे, जहां शादी की गई। युवती का दावा है कि मंदिर में हुई शादी की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हुई होगी। युवती ने पुलिस को बताया है कि मंदिर में पुजारी और कुछ लोग मौजूद थे। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में दिनदहाड़े खूनी वारदात, उप मुखिया और वार्ड पार्षद को मारी गोली

अलग-अलग होटलों में ले जाने का आरोप

युवती के अनुसार, शादी के बाद दारोगा उसे मुंगेर और बेगूसराय के अलग-अलग होटलों में लेकर गया। उसने आरोप लगाया कि जमालपुर के विनायक होटल में 6 मई और 13 जून तथा बेगूसराय के राधा स्वामी होटल में 5 जुलाई को उसे ले जाया गया और वहां उसके साथ संबंध बनाए गए। पीड़िता ने दावा किया है कि इन घटनाओं से संबंधित होटल के रजिस्टर और CCTV फुटेज में सबूत मौजूद हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दारोगा वर्दी का रौब दिखाकर होटलों में एंट्री करता था। किसी को शक भी नहीं होता था। वह उसे पति-पत्नी बताकर होटल में ले जाता था। सात महीने तक इसी तरह घुमाता रहा। जब भी वह हमेशा साथ रहने की बात कहती तो वह टाल देता था।

पार्लर खोलने के लिए दिए थे 15 हजार रुपये

युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे पार्लर खोलने के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी की थी। इसके अलावा वट सावित्री व्रत के मौके पर उसे पैसे और साड़ी भी दी थी। युवती के अनुसार, जब भी वह आरोपी से अपने साथ रहने की बात करती थी तो वह अपने बड़े भाई की शादी होने के बाद उसे साथ रखने की बात कहकर टाल देता था। युवती ने बताया कि वह दारोगा की बातों पर भरोसा करती रही। उसे लगा कि वह सच में उसे पत्नी बनाकर रखेगा। इसलिए वह उसकी हर बात मानती रही। पार्लर खोलने के बाद वह अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती थी।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में दिनदहाड़े खूनी वारदात, उप मुखिया और वार्ड पार्षद को मारी गोली

थाने में मारपीट का आरोप

महिला का आरोप है कि 10 जुलाई को उसने आरोपी के साथ रखने की बात को लेकर जिद की। इसके बाद आरोपी ने उसे जमुई बस स्टैंड के पास बुलाया और किराए के मकान में ले गया। युवती ने वहां उसके साथ जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, अगले दिन 11 जुलाई को आरोपी ने उसे पांच लाख रुपये लेकर मुंगेर वापस चले जाने को कहा। साथ ही उसने दूसरी जगह शादी तय होने की बात भी कही। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे चंद्रदीप थाना ले जाया गया। वहां उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने पुलिस अधिकारी होने का धौंस दिखाया। युवती ने बताया कि थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उसे धमकाया। उन लोगों ने कहा कि दारोगा से उलझना महंगा पड़ेगा। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर मुंगेर आई और महिला आयोग में शिकायत की।