झारखंड में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र और अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन अब 23वें दिन में पहुंच चुका है। प्रदर्शनकारी झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) जैसी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं।
छात्र चाह रहे हैं कि इन असंगतियों की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ( CBI ) करे और कुछ परीक्षाओं को रद्द कर दिया जाए। 23वें दिन तक सहमति न बन पाने की वजह से अब प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफा भी मांग रहे हैं। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने रांची में नेताओं के पुतले जलाए। उन्होंने हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले जलाकर नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से मिलेंगे मंत्री, मांगें न मानी तो घेरेंगे CM आवास
भूख हड़ताल पर बैठे हैं कई छात्र
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल से बाहर निकलने से रोका गया था, जिस पर भी प्रदर्शनकारियों में गुस्सा बढ़ा। इस घटना के बाद कुछ और लोग भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में शामिल हो गए।
सातवीं बार प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता करेगी सरकार
सरकार की तरफ से अब बातचीत का नया दौर शुरू होने वाला है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर छात्रों से मुलाकात की और सोमवार दोपहर 2 बजे राज्य अतिथि गृह में बातचीत के लिए आमंत्रित किया। यह सातवां दौर होगा। छात्रों को कानूनी सलाहकारों के साथ आने का विकल्प भी दिया गया है। प्रदर्शनकारी नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि वे बातचीत के लिए जरूर जाएंगे क्योंकि समस्या का समाधान संवाद से ही चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC धांधली पर बवाल, CBI जांच की मांग में ABVP कार्यकर्ता पुलिस बस पर चढ़े
छात्रों की नई मांगें क्या हैं?
प्रदर्शनकारियों धांधली की CBI जांच की मांग कर रहे हैं और चाहते हैं कि JPSC और JSSC-CJL परीक्षा रद्द कर दी जाए। छात्रों ने चेतावनी भी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और इस्तीफे की मांग जोर-शोर से उठाएंगे।
क्यों भड़के हैं छात्र?
छात्र सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि वह छात्रों को तोड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे एकजुट रहेंगे। रांची में छात्र प्रदर्शनकारी अब नाराज हैं। एक तरफ छात्र अपनी मांगों पर अड़े हैं और प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं, दूसरी तरफ सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। सोमवार के प्रदर्शन पर हर किसी नजर है।
