कानपुर में मंधना से अनवरगंज तक एलिवेटेड लाइन का कार्य शुरू होते ही कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदल जाएगा। रेलवे प्रशासन दिल्ली तक वैकल्पिक रूट की तलाश में है। अगर ट्रेन वैकल्पिक रूट से चली तो लगभग चार साल तक कालिंदी एक्सप्रेस फर्रुखाबाद स्टेशन नहीं आएगी।
एडीआरएम मनोज कुमार ने बुधवार को फर्रुखाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने बताया कि अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड लाइन का काम शुरू होते ही कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदल जाएगा।
यह भी पढ़ें: TMC को एक और झटका, फिरहाद हकीम ने कोलकाता के मेयर पद से दिया इस्तीफा
फर्रुखाबाद जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एडीआरएम मनोज कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। करीब चार साल तक ट्रेन का यहां ठहराव नहीं होगा। वैकल्पिक रूट पर विचार चल रहा है।
कानपुर से भिवानी तक जाती है कालिंदी एक्सप्रेस
बता दें कि कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन कानपुर सेंट्रल से हरियाणा के भिवानी तक चलती है। करीब चार साल तक यह ट्रेन इटावा और टूंडला के रास्ते जाएगी। एडीआरएम ने बताया कि ईएमयू की योजना बनाई जा रही है ताकि कन्नौज और फर्रुखाबाद के लोगों को दिल्ली से जोड़ा जा सके। मथुरा के रास्ते नई ट्रेन चलाने पर भी विचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें: दो सड़क हादसों में तबाह हुई शख्स की जिंदगी, कोर्ट ने दिलाया 58 लाख का मुआवजा
व्यापारियों ने उठाया रूट न बदलने का मुद्दा
बता दें कि फर्रुखाबाद के व्यापारी कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन के रूट बदलने का विरोध कर रहे हैं। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने फर्रुखाबाद से ही ट्रेन का संचालन करने की मांग की। इस संबंध में सांसद मुकेश राजपूत से मुलाकात की। व्यापारियों का कहना है कि एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण शुरू होने वाला है। इसके बाद कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदल जाएगा। कई अन्य ट्रेनों का भी रूट बदला है।
