उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक टीचर करीब 5 दिनों से हाथ में धारदार चाकू-चापड़ लेकर स्कूल आ रही थीं। इतना ही नहीं, वह छोटे–छोटे बच्चों के सामने एक हाथ में चाकू तो दूसरे में चापड़ लेकर प्रदर्शन भी करती दिखीं। इससे बच्चों में डर बना हुआ था, कई ने तो स्कूल तक आना बंद कर दिया। टीचर का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए लेकर स्कूल में चाकू-चापड़ लेकर आती हैं, वह स्कूल में सुरक्षित नहीं हैं।
यह मामला जिला मुख्यालय से 257 किलोमीटर दूर कड़ा ब्लॉक स्थित लुकिया प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। टीचर शिखा सिंह 13 साल से इसी स्कूल में कार्यरत हैं। इस मामले को लेकर दूसरे शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और उनके अभिभावकों से पूछताछ चल रही है। टीचर से चाकू–चापड़ जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: बस स्टैंड पर खड़ी थी लड़की, पूर्व प्रेमी ने मार डाला, वीडियो डरा देगा
क्या है पूरा मामला?
वीडियो स्कूल में पढ़ने वाले एक बच्चे के पिता ने बनाया है। उनका कहना है, 'जब गुरुवार को मेरा बेटा स्कूल से वापस आया तो डरा हुआ था। पूछने पर उसने बताया कि मैडम स्कूल में चाकू लेकर आती हैं, डराती हैं। मैं कल से स्कूल नहीं जाउंगा।' अभिभावक ने बताया कि वह सच्चाई जानने स्कूल गए तो प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह एक हाथ में बैग और दूसरे हाथ में चाकू लिए अंदर आती दिखीं।
वह खुलेआम हाथ में चाकू लहरा रही थीं। उन्होंने वीडियो बना लिया। अभिभावक ने बताया कि स्कूल जाकर पता चला, मैडम की इस हरकत की वजह से कई बच्चों ने डर के मारे स्कूल आना छोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: मुर्शिदाबाद ट्रेन हादसा कैसे हुआ? स्थानीय लोगों ने बताई कहानी
टीचर ने क्या कहा?
वीडियो बनाते हुए अभिभावक ने जब टीचर से पूछा कि वह चाकू लेकर स्कूल में क्यों आती हैं तो टीचर ने कहा, 'यह मैं अपनी सुरक्षा के लिए लेकर आती हूं। मैं स्कूल में सुरक्षित नहीं हूं। टीचर ने आगे कहा मुझे कोई गाली देगा तो मारना तो दूर, मैं उसे काट डालूंगी। बहुत हो गया, मैं अब बर्दाश्त नहीं करूंगी। कोई गाली देगा तो काट डालूंगी। चाहे पुलिस आए या फिर कोई अधिकारी। मुझे कोई गाली देगा तो मार दूंगी, मैं सुरक्षित नहीं हूं। यह बात उन्होंने जांच के दौरान पूछताछ में भी बोली।
ठीक नहीं है टीचर की मानसिक हालत
इस मामले की जांच में पाया गया कि टीचर की मानसिक हालत ठीक नहीं है। यह बात उनके टीचर के पति ने बताई है। टीचर से चाकू–चापड़ जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा दूसरे शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और उनके अभिभावकों से पूछताछ चल रही है। शिक्षिका के परिजनों को इस बारे में सूचना दे दी गई है।
इस मामले में जांच कर रहे बीएसए ने बताया कि कुछ दिनों पहले जब कुछ डेटा की पूछताछ के लिए शिखा सिंह को कार्यालय बुलाया गया था, तब उन्होंने सभी जवाब सही तरीके से दिए थे। वह तब ठीक थीं। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट बीईओ को सौंप दी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार की जाएगी।
