उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति 6 साल की बच्ची को नाले में डुबाने की कोशिश करते देखा गया। दूसरी तरफ बच्ची खुद को बचाने की कोशिश कर रही थी। वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी शख्स बच्ची का पिता है, जिसने गुस्से में अपनी बेटी की पिटाई की थी और उसे नाले में धकेला था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की है। 30 मई को योगेंद्र सिंह अपनी बेटी को मारते हुए नजर आया था। मौके पर मौजूद एक महिला ने योगेंद्र की हरकत पर गुस्सा जाहिर किया, जिसके बाद योगेंद्र बच्ची को पीटते हुए वहां से ले गया। इस बर्बरता को देखते हुए पुलिस ने रविवार को योगेंद्र को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें: यूपी में सड़क बनी अखाड़ा, जमकर चले बेल्ट और लात-घूंसे, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में क्या है?
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि योगेंद्र अपनी बेटी को गली में ले जा रहा है। वहां वह बच्ची को एक नाली में डाल देता है। उस दौरान बच्ची डर की वजह से रो रही थी। इसी बीच एक महिला अपनी छत पर खड़ी थी, जिसने योगेंद्र को ऐसा करते देख टोका। महिला की बात सुनकर योगेंद्र गुस्से से लाल हो गया। इसके बाद वह बच्ची को खींचते हुए आगे बढ़ा और उसे फिर से नाली में गिरा दिया। हालांकि, बच्ची कुछ देर बाद नाली से बाहर निकलती नजर आई।
लोगों ने क्या कहा?
इस वीडियो को लेकर मनीष ने कहा, 'ऐसे लोग समाज में रहने लायक नहीं हैं। इस आदमी को तुरंत उसी नाले में डुबोकर 3 दिन तक वहीं रखना चाहिए। उसके बाद इसे जिंदगी भर उसी मोहल्ले की नालियां साफ करने की सजा मिलनी चाहिए।'
दूसरे व्यक्ति ने कहा, 'अगर यह आदमी मानसिक रूप से बीमार है, तो वीडियो बनने के डर से क्यों रुक गया? इसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही बच्ची और उसकी मां को इससे दूर रखना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: ट्रेनिंग पूरी कर लौटा रेडियो ऑपरेटर, गांव में नेताओं की तरह निकाला काफिला
तीसरे व्यक्ति ने यूपी पुलिस को टैग करते हुए कहा, 'इस हैवान आदमी को तुरंत जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाना चाहिए।'
