एक्ट्रेस राखी सावंत के खिलाफ झांसी की कोर्ट ने अरेस्ट वारंट जारी किया है। राखी सावंत पर आरोप लगा है कि उन्होंने कथित तौर पर टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ में एक युवक को अपमानित किया था। पीड़ित लक्ष्मण अहिरवार यह अपमान झेल नहीं पाए और डिप्रेशन में चले गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इसी मामले को लेकर 16 अक्टूबर को कोर्ट के जज ने राखी सावंत के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। कोर्ट में अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी।

 

साल 2010 में राखी सावंत टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ करती थीं। इसी शो में 34 साल के लक्ष्मण अहिरवार भी गए थे। इससे पहले लक्ष्मण की शादी अनीता से हुई थी, जो पारिवारिक विवाद की वजह से कुछ महीने पहले मायके चली गई थीं। इसी विवाद को सुलझाने के लिए लक्ष्मण अपने परिवार के साथ राखी के शो में गए थे, ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके।

 

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा: रात में खाए नूडल्स, सुबह एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

राखी का इंसाफ शो में क्या हुआ?

2010 में लक्ष्मण अहिरवार अपने परिवार के साथ झांसी से मुंबई आए थे, जिसके बाद वह राखी के शो में गए। लक्ष्मण के परिवार के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2010 को शो की रिकॉर्डिंग हुई थी। उस दौरान कथित तौर पर राखी सावंत ने लक्ष्मण के साथ बदसलूकी की थी। साथ ही, लक्ष्मण को अपमानित भी किया था। परिवार ने दावा किया कि राखी ने लक्ष्मण को ‘नामर्द’ कहा था। शो प्रसारित होने के बाद लक्ष्मण बेहद दुखी हो गए। वह दूसरों के सामने आने से भी कतराने लगे थे।

 

लक्ष्मण के परिवार के मुताबिक, वह इस अपमान को सह नहीं पाए। वह न तो रात में ठीक से सो पाते थे और न ही खाना खा पाते थे। इस वजह से लक्ष्मण की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद 9 नवंबर 2010 को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन उनकी मौत हो गई। लक्ष्मण के परिवार ने राखी सावंत के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में डायन बताकर बेसहारा महिला की पीट-पीटकर हत्या, ओझा के कहने पर भड़की भीड़

लक्ष्मण के परिवार ने दर्ज कराई FIR

लक्ष्मण की मौत के बाद उनके परिवार ने प्रेमनगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले को लेकर झांसी कोर्ट में सुनवाई हुई, जहां जज ने राखी के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया। कानूनी प्रक्रिया के तहत अब राखी को झांसी कोर्ट में पेश होकर अपनी जमानत करवानी होगी। इसके बाद कानूनी कार्रवाई के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।