उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव में रहने वाला कोमल सिंह एक ट्रैक्टर ड्राइवर है। कोमल के सिर पर सेंट्रल जेल देखने की सनक सवार थी और वह किसी भी तरह बस जेल जाना चाहता था। अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए उसने घर में रखा एक पुराना कट्टा निकाला और अपनी पत्नी संगीता को दिखाकर उसे डराया-धमकाया। उसका एक वीडियो भी वायरल है जिसमें वह कह रहा है कि एक बार सेंट्रल जेल देखनी है।

 

कोमल सिंह ने बताया कि उसने यह सब इसलिए किया ताकि उसके खिलाफ पुलिस में केस दर्ज हो जाए और पुलिस उसे सीधे सेंट्रल जेल भेज दे। उसने मीडिया के सामने कहा कि उसे सेंट्रल जेल देखने का बहुत शौक था। अगर वह किसी दूसरे इंसान या बाहर वाले को कट्टा दिखाकर धमकाता, तो पुलिस उसके खिलाफ बहुत बड़ा केस बनाती और उसे लंबी सजा हो सकती थी। इसी वजह से उसने किसी बाहरी व्यक्ति को छोड़ अपनी ही पत्नी को कट्टा दिखा दिया।

 

यह भी पढ़ें: रूस से बहू बनकर भारत आई, ससुराल वालों ने कराए ऐसे काम, बदल गई जिंदगी

कट्टा लेकर खुद पहुंचा पुलिस चौकी

अपनी पत्नी संगीता को डराने के बाद कोमल सिंह घर पर नहीं रुका। वह तुरंत दो गोली और कट्टा लेकर खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया। चौकी जाकर उसने पुलिस वालों को पूरी बात सच-सच बता दी। पुलिस ने उसके पास से कट्टा और दोनों गोलियां ले लीं। इसके बाद गैरकानूनी हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने कोमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया।

पत्नी के लिए लहंगा खरीदने का दावा

गिरफ्तार होने के बाद भी कोमल के चेहरे पर कोई डर या पछतावा नहीं था बल्कि वह काफी जोश में था। उसने मीडिया के सामने दावा किया कि उसकी पत्नी उससे नाराज नहीं है और वह उसे छह महीने के अंदर ही जमानत दिलाकर जेल से बाहर निकलवा लेगी। कोमल ने यह भी कहा कि जब वह जेल घूमकर वापस घर आएगा, तो अपनी पत्नी के लिए एक नया लहंगा खरीदेगा। उसकी इस बात को सुनकर सब सोच में पड़ गए।

 

यह भी पढ़ें: VIP काफिले के लिए रोका ट्रैफिक, प्रेग्नेंट बीवी को लेकर फंसे शख्स ने किया हंगामा

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस कोमल सिंह को मेडिकल जांच के लिए इटावा के डॉ. भीमराव अंबेडकर सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंची। अस्पताल में कोमल ने मीडिया के कैमरों के सामने अपने इस पूरे कदम को खुलकर सुनाया। वह बिना किसी झिझक के बड़े जोश के साथ अपनी कहानी सबको बताता रहा। उसकी ये बातें सुनकर वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ और पत्रकार भी हैरान रह गए। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।