उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र में स्थित झुग्गियों में भीषण आग लगी है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं। आग इतनी भीषण है कि 10 किमी दूर से धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौके पर मौजूद हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 200 झुग्गियां जलकर तबाह हो गई हैं। वहीं सिलेंडर और फ्रीज के कंप्रेसरों में लगातार धमाकों से इलाके में दहशत का माहौल है।

 

 


डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि आग ने बेहद भयावह रूप धारण कर ली है। 20 से अधिक दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। चारों तरफ से आग को बुझाने का प्रयास चल रहा है। दमकल विभाग के अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है।

 

यह भी पढ़ें: 'ईरान को हथियार नहीं भेजेगा चीन, शी जिनपिंग मुझे गले लगाएंगे', ट्रंप का नया दावा

 

 

 

 

 

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि घटना के जांच के आदेश दिए गए हैं। दमकल विभाग के अधिकारी एक-एक झोपड़ी में जाकर देख रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई हताहत तो नहीं है।

 

 

 

झुग्गियों तक कैसे पहुंची आग?

अधिकारियों के मुताबिक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने या झुलसने की कोई खबर नहीं है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार दोपहर को रिंग रोड के पास एक खाली प्लॉट में आग लगी। मगर तेज हवाओं के कारण झुग्गियों तक पहुंच गई। यहां ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। झुग्गियों के अंदर छोटे गैस सिलिंडर के फटने से राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कत आई। वहीं लगातार धमाकों की आवाज से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

 

यह भी पढ़ें: जो कर्पूरी ठाकुर ने किया था, 5 दशक बाद वही सम्राट चौधरी ने कर दिखाया

 

जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि आग लगने के कारण परिवारों के सदस्य एक-दूसरे से बिछड़ गए। प्रशासन उन्हें मिलाने का प्रयास कर रहा है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र के. सिंह का कहना है कि शुरुआती आकलन में करीब 200 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं। आगे की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने की जांच की मांग

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने झुग्गी-झोपड़ियों पर लगी भीषण आग मामले की जांच की मांग की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके की झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग के पीड़ितों के लिए सरकार तत्काल भोजन, पानी और घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जाए व रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करी जाए। गरीबों के पक्ष को सुनकर इस बड़े अग्निकांड की हर पहलू से गहरी जांच हो और जो लोग नहीं मिल रहे हैं, उनके बारे में हर आशंका को दूर किया जाए। हम सभी से हर तरह की मदद पहुंचाने की मांग करते हैं।'