मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक नेता के बेटे ने अपनी गाड़ी से कई लोगों को घायल कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार,  शिवपुरी के करेरा थाना क्षेत्र में बीजेपी के एक विधायक के बेटे ने थार गाड़ी से टक्कर मारकर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों और पैदल चल रही दो महिलाओं को घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

 

पुलिस अधिकारी ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिस थार कार ने टक्कर मारी उस थार पर विधायक लिखा हुआ था। यह गाड़ी कथित तौर पर दिनेश लोधी चला रहा था, जो पिछोर से बीजेपी विधायक का बेटा है। उनके पिता प्रीतम लोधी इलाके के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। प्रीतम लोधी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। 

 

यह भी पढ़ें: दो मांओ ने ही मार डाले खुद के 5 बच्चे, गुजरात में आई दहलाने वाली घटना

पांच लोगों को किया घायल

करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, संजय परिहार अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ मोटरसाइकिल से धनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे तभी पीछे से आई थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए।

 

 

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने आगे बताया कि मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद थार कार ने पैदल चल रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को भी टक्कर मार दी। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में संजय परिहार के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोट लगी है।

 

विधायक का बेटा चला रहा था थार

 विनोद छावई ने कहा कि घायलों के बयान और शरुआती जानकारी में सामने आया है कि थार पर विधायक लिखा था और गाड़ी दिनेश लोधी चला रहा था। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। 

 

यह भी पढ़ें: अमृतपाल को असम की जेल में क्यों रखना चाहती है पंजाब सरकार? HC में दायर की याचिका

विधायक ने की जांच की मांग

इस घटना के बाद इलाके में सियासत भी गर्मा गई है। सोशल मीडिया पर विधायक प्रीतम लोधी ने अपने बेटे का बचाव करने के बजाय जांच की है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि  विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।

 

इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने आरोपी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'मध्यप्रदेश BJP विधायक (पिछोर) के बेटे का घमंड अहंकार देखिए।' उन्होंने कहा, 'पांच लोगों पर अपनी थार गाड़ी चढ़ा दी और अकड़ देखिए।' बरोलिया ने इस मामले में सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।