उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक यूट्यूबर पर जानलेवा हमला किया गया है। पीड़ित यूट्यूबर का नाम सलीम वास्तिक है। शुक्रवार को सलीम वास्तिक के दफ्तर में पहले कुछ बदमाश घुसे, फिर सलीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सलीम के पेट में चाकू घोंपा और गले पर भी चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपी दफ्तर से भाग निकले। हमले के बाद सलीम को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित सलीम की उम्र 50 साल है। वह अपने यूट्यूब चैनल पर इस्लाम धर्म की कुरीतियों के बारे में बातें करते थे। कई बार सलीम न्यूज चैनलों की डिबेट में भी जाकर इस्लाम धर्म की बुराइयों पर चर्चा करते थे। जानकारी के मुताबिक, सलीम ने इस्लाम धर्म छोड़ दिया था, जिसके चलते कई लोग उनके दुश्मन बन गए थे। कई लोग यह कयास लगा रहे है कि इस अपराध को कट्टरपंथियों ने अंजाम दिया है। इस घटना का फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इस घटना के बाद पुलिस थाने में दर्ज शिकायत करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: हावड़ा के रियल एस्टेट कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
कैसे हुआ हमला?
परिजन के मुताबिक, बाइक पर सवार होकर दो शख्स दफ्तर में घुसे थे। दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहना हुआ था। उन्होंने सलीम के गले और पेट पर चाकू से हमला किया। हमला करने के तुरंत बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। दफ्तर के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी है। दफ्तर के आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह सलीम अपने दफ्तर आए थे और कुछ जरूरी काम कर रहे थे। उसी दौरान उन पर अचानक हमला कर दिया गया।
हमलावरों की तलाश
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, हमलावरों ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसकी वजह से सीसीटीवी फुटेज में उनकी शक्ल साफ नजर नहीं आ रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
यह भी पढ़ें: धर्म परिवर्तन कराने वाली दो बहनें गिरफ्तार, लड़कियों को देती थीं नौकरी का झांसा
इस घटना के बाद सलीम के घरवाले बेहद दुखी हैं। सलीम की पत्नी अफसाना और बेटे उस्मान का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ ही, सलीम के यूट्यूब वीडियो देखने वाले लोग भी इस घटना से आहत हैं।
