उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में फोन की बैटरी फटने से एक शख्स की मौत हो गई है। कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक के पास यह हादसा हुआ। 40 वर्षीय विकास अंतल अपनी मां को ननिहाल छोड़कर वापस लौट रहे थे। वह बाइक पर थे और अचानक उनके फोन की बैटरी में धमाका हो गया। इस धमाके से विकास बाइक का संतुलन नहीं संभाल सके और सड़क पर गिर गए। गिरने की वजह से उनके सीने और सिर पर गंभीर चोट आई। स्थानीय पुलिसकर्मियों ने विकास को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जब विकास के परिजन अस्पताल पहुंचे तो वे बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टर विकास को बचा नहीं सके।

 

विकास अंतल मुजफ्फरनगर के रहमतपुर गांव के रहने वाले थे। वह अपनी मां को उनके गांव माजरा छोड़ने गए थे। मां को छोड़कर जब वह अपने घर की तरफ लौट रहे थे, तब यह घटना हुई। विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर कार्यरत थे। परिवार में उनके बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी के अलावा 6 साल की बेटी और 3 साल का बेटा भी है। हादसे के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है

 

हादसे के दौरान उतर गया था हेलमेट

विकास अंतल जब कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक पहुंचे, तब यह घटना हुई। विकास बाइक पर थे और उन्होंने जेब में हाल ही में खरीदा गया फोन रखा था। बैटरी में धमाके के बाद जब वह बाइक से गिरे तो उनके हाथ और सीने पर गंभीर चोट लगी। इस दौरान उनका हेलमेट भी उतर गया था। इसी वजह से विकास के सिर में भी चोट लग गई। जब कोतवाली पुलिस ने विकास को इस हालत में देखा तो उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर भी विकास को बचा नहीं सके।

 

यह भी पढ़ें: बेतिया में 50 साल पुरानी जमाबंदी में फर्जीवाड़ा, DM को FIR दर्ज कराने का आदेश

सांसद की पत्नी पहुंचीं घर

हादसे की खबर सुनकर स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान विकास अंतल के घर पहुंचीं। यशिका ने विकास के माता-पिता से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। यशिका चौहान से मिलने के बाद विकास के पिता फूट-फूटकर रोने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि विकास का गांव के सभी लोगों के साथ अच्छा व्यवहार था। 

 

यह भी पढ़ें: 'कभी-कभी ऐसे हादसे हो जाते हैं...', चोरबागान हादसे पर बोले दिलीप घोष