महाराष्ट्र के नासिक से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक परिवार नासिक के इगतपुरी कस्बे में भवली डैम और वॉटरफॉल घूमने आया था। आरोप है कि परिवार की एक महिला सदस्य के साथ कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि 15 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। उनकी गाड़ी में भी बुरी तरह तोड़-फोड़ की।
महिला अपने पूरे परिवार के साथ वॉटरफॉल घूमने आई थी। इस दौरान वहां मौजूद एक ग्रुप ने परिवार की महिला सदस्य पर सीटी बजाते हुए छेड़छाड़ की। परिवार के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वो लोग भड़क गए और डंडे व लोहे की रॉड से उनपर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: कहां खर्च हुए लाड़की बहिन योजना के 3541 करोड़? CAG ने खोली पोल
10 से 15 किलोमीटर तक परिवार का किया पीछा
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने करीब 10 से 15 किलोमीटर तक परिवार की कार का पीछा किया। इस दौरान उन्होंने कार को रोकने की कोशिश की। डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया और कार में जमकर तोड़फोड़ की। नासिक की सड़कों पर गुंडई का ये हिंसक सीन काफी देर तक चलता रहा।
परिवार ने बताया कि जैसे ही हमला शुरू हुआ, वे अपनी जान बचाने के लिए तेजी से वहां से निकल गए। तब भी आरोपी उनका पीछा करते रहे। रास्ते में कई जगहों पर उन्होंने कार रोकने और उन पर हमला करने की कोशिश की. परिवार इस घटना से बुरी तरह डर हुआ है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के बाद महाराष्ट्र में UCC लागू करने का प्लान, 7 सदस्यीय कमेटी का गठन
नासिक पुलिस ने दर्ज कर ली है शिकायत
अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर नासिक पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। फिलहाल नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले की जांच चल रही है।
महिला ने क्या बताया?
पीड़ित महिला ने ANI से बातचीत में बताया कि 12 जुलाई को हम आठ लोगों का परिवार भावली डैम घूमने गया था। वहां 20 से 25 साल के दो लड़कों ने मुझ पर अश्लील टिप्पणियां कीं और छेड़छाड़ की। मैंने इसका विरोध किया और उन्हें डांटा, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। कुछ देर में ही मेरे पति और देवर वहां पहुंचे और उन्होंने भी उनसे बात की। उस समय दोनों लड़के वहां से चले गए। लेकिन थोड़ी देर बाद उनके गांव के 8-10 लोग आ गए और हमारे साथ गाली-गलौज करने लगे। मारपीट भी शुरू कर दी।
किसी तरह हम जब वहां से निकले तो रास्ते में एक कार ने हमारी गाड़ी रोक ली। उन्होंने लोहे की रॉड से हमारी गाड़ी पर हमला किया। हमारी गाड़ी जहां-जहां धीमी हुई या रुकी, उन्होंने हमला किया। वे हमारा पीछा करते रहे। किसी तरह हम नासिक पहुंचे और पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।
