हरियाणा के नूंह जिले में थार एसयूवी और ट्रैक्टर के बीच ताकत आजमाने का खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और दोनों ड्राइवरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

 

यह घटना नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के आगोन गांव की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने महिंद्रा थार और एक ट्रैक्टर को मोटी रस्सी से बांधकर सड़क पर आमने-सामने चलाया। इसका मकसद दोनों वाहनों की ताकत की तुलना करना था। इस दौरान सड़क पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

 

यह भी पढ़ें: बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने चलाई गोली, युवक घायल; FIR दर्ज

वायरल वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही नूंह पुलिस हरकत में आ गई और खुद ही मामले की जांच शुरू कर दी। वीडियो के आधार पर पुलिस ने थार और ट्रैक्टर के नंबर ट्रेस किए। इसके बाद स्थानीय टीमों की मदद से दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया। साथ ही दोनों ड्राइवरों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की गई।

 

यह भी पढ़ें: डिलीवरी बॉय बनकर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे थे तस्कर, 4 आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस के अनुसार, थार चला रहा अनवर हसनपुर बिलोंदा गांव का रहने वाला है, जबकि ट्रैक्टर चालक शाहिद आगोन गांव का निवासी है। दोनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अलावा सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।