दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली में एक टारगेट किलिंग की तैयारी कर रहे थे। समय रहते की गई कार्रवाई से हत्या की इस साजिश को नाकाम कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले भी कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंग के सदस्यों के संपर्क में थे। वहीं से उन्हें संभावित टारगेट की जानकारी और आगे की रणनीति से जुड़े निर्देश मिल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी दिल्ली के कई मामलों में वांछित थे और टारगेट शूटिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने का अनुभव रखते हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: भागलपुर में घर के अंदर चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 लोग गिरफ्तार
विदेशी नेटवर्क के जरिए रची जा रही थी साजिश
दिल्ली पुलिस का मानना है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग अब देश के साथ-साथ विदेश में बैठे अपने सहयोगियों के जरिए भी आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों तक निर्देश किस माध्यम से पहुंच रहे थे और इस साजिश में कितने लोग शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से गैंग की एक बड़ी योजना को समय रहते विफल कर दिया गया।
बहादुरगढ़ एनकाउंटर के बाद फिर बड़ी कार्रवाई
इस गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। दोनों की पहचान हिसार के रहने वाले प्रवेश और हिमांशु के तौर पर हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों 11 जून को हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस इस कार्रवाई को गैंग के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही थी।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में 7 साल की बच्ची के साथ हुआ गैंग रेप, 2 आरोपी पकड़े गए, 1 फरार
अमेरिका में भी कसता जा रहा है शिकंजा
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर अब सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका भी सख्त कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंग के करीबी माने जाने वाले सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 50 हजार अमेरिकी डॉलर के इनाम का ऐलान किया है।
अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि गोल्डी बराड़ उत्तर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क संभालता है। उस पर संगठित अपराध, जबरन वसूली और ड्रग्स की तस्करी जैसे कई गंभीर आरोप हैं। वहीं, अमेरिका के अभियोजकों ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ कई संगठित आपराधिक मामलों में आरोप भी तय किए हैं।
