बिहार के मोतिहारी में आधी रात को सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को एक लग्जरी आई टेन कार की तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी के अंदर गुप्त तहखाना मिला। इसमें लाखों रुपये की रकम छिपाकर रखी गई थी। जांच में 25 लाख रुपये की रकम बरामद हुई है। बता दें कि पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिलेभर में रात को वाहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीम ने तुरकौलिया थाना क्षेत्र के निमुइया चौक पर एक संदिग्ध आई टेन कार को रोका। तलाशी में कार के अंदर एक गुप्त तहखाना मिला। इसमें नोटों के बड़े-बड़े बंडल मिले। पुलिस ने बताया कि कार से कुल 24 लाख 91 हजार 300 रुपये मिले है। कार सवार चार युवक पूछताछ में न ही संतोषजनक जवाब दे सके और न ही कोई वैध दस्तावेज दिखा सके। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: केदारनाथ धाम में नेताओं पर दान के पैसे खर्च करने का आरोप, कमेटी ने जांच की शुरू
पूछताछ में बड़ा खुलासा, पटना में बेची थी ड्रग्स की खेप
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पटना में ड्रग्स की बड़ी खेप बेचकर लौट रहे थे और बरामद नकदी उसी सौदे की है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि पटना में ड्रग्स की सप्लाई किन लोगों को की गई थी और इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना कौन है?
दो भारतीय और दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक मोतिहारी और दो नेपाल के रहने वाले हैं। उनकी पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी कृष्णा सहनी, नकरदेई थाना क्षेत्र के कटकेनवा निवासी सुभाष कुमार व नेपाल के बारा जिला के रामनगर निवासी दीपेश कुमार यादव और प्रज्वल सहनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कृष्णा सहनी का ड्रग्स तस्करी से जुड़ा पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसकी गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: प्राइमरी शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य, एक साल समयसीमा बढ़ी
भारत-नेपाल बॉर्डर से जुड़े नेटवर्क पर निगाह
मोतिहारी पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल कॉल डिटेल्स, बैंक खातों और संपर्कों को खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क हो सकता है, जिसका कनेक्शन भारत-नेपाल सीमा से जुड़ा हुआ है। तुरकौलिया थाना में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
