हाल ही में पंजाब के मानसा में नशा विरोधी अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी गई थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज यानी 20 अक्तूबर को परविंदर झोटा के परिवार से मिलने मानसा जा रहे हैं। उनके पहुंचने से पहले ही पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने इस केस की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ( CBI ) से कराने की मांग कर दी है। इसे एक चुनावी दांव भी माना जा रहा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नशे के मुद्दे पर AAP पर हमलावर है। इससे पहले, परविंदर झोटा के पिता का एक वीडियो सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था वह भगवंत मान का इस्तीफा नहीं इस केस की सीबीआई जांच चाहते हैं।
20 अक्तूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंजाब के दौरे पर हैं। पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनके इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। वह मानसा के अलावा संगरूर और गुरदासपुर में उन परिवारों से मिलने वाले हैं जिनके सदस्यों पर नशे से जुड़े मामलों में हमले हुए। परविंदर सिंह झोटा के अलावा एक और शख्स ने भी जान गंवाई है और दो अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पंजाब सरकार इस मामले में बैकफुट पर है और अब उसने CBI जांच का आदेश देकर खुद को बचाने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: 'मेरी बदनामी होगी', कमेटी के विरोध के बावजूद अमित शाह से मिलेगा झोटा का परिवार
CM भगवंत मान ने दी जानकारी
इस फैसले की जानकारी देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने X अकाउंट पर लिखा है, 'हम हर समय नशे के खिलाफ लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ खड़े हैं। झोटा के परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए हम इस केस की जांच CBI को सौंप रहे हैं। नशे की तस्करी के खिलाफ हमारी जंग जारी है। पंजाह को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए हम सख्त से सख्त फैसले लेने से नहीं चूकेंगे।'
इससे पहले सोमवार को परविंदर सिंह झोटा के पिता ने सोमवार को एक वीडियो जारी करके कहा था कि वह अमित शाह से मिलने को तैयार हैं। दरअसल, परविंदर झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए बनी कमेटी ने कहा था कि परविंदर के पिता भीम सिंह फौजी से अपील की जाएगी कि वह गृहमंत्री अमित शाह से ना मिलें।
यह भी पढ़ें: ड्रग ऐक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा को गोली मारने वाला शख्स राजस्थान से गिरफ्तार
इसके बारे में भीम सिंह फौजी ने कहा था, 'मैं भारतीय सेना में सेवाएं दे चुका हूं और देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री या रक्षामंत्री, चाहे कोई भी हो, सभी का सम्मान करता हूं। गृहमंत्री अमित शाह चाहें तो मेरे घर आकर भी बातचीत कर सकते हैं। परविंदर सिंह की पत्नी खुद एक्शन कमेटी में शामिल होंगी और मीडिया को भी संबोधित करेंगी।'
