पंजाब के अमृतसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ने वाली 17 साल की छात्रा पर फीस के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उसने खुदकुशी कर ली। छात्रा का नाम अमजोत कौर है। बकाया फीस के लिए स्कूल स्टाफ ने छात्रा को कमरे में बंद कर दिया था, इसी बात से वह परेशान थी। मगर, अमजोत ने इससे तंग आकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने लड़की के आखिरी वीडियो बयान के आधार पर स्कूल अधिकारियों और प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

 

अमजोत कौर अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए अमृतसर में अपनी मौसी के घर पर रह रही थी। वह अपनी पढ़ाई को लेकर बहुत गंभीर थी और मन लगाकर पढ़ना चाहती थी लेकिन पिछले कुछ समय से परिवार की हालत की वजह से उसकी स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही थी जिसे लेकर वह खुद भी काफी परेशान थी।

अस्पताल में वीडियो बयान रिकॉर्ड दर्ज

अमजोत ने दम छोड़ने से पहले अस्पताल के बिस्तर से अपने फोन पर एक वीडियो बयान रिकॉर्ड किया था जो अब हर किसी की आंखें नम कर रहा है। उस वीडियो में उसने रोते हुए बताया कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया था जहां स्कूल के स्टाफ और मैनेजमेंट ने उसके साथ बहुत बुरा व्यवहार किया। स्कूल वालों ने उसे सारे बच्चों के सामने अलग किया और एक दूसरे कमरे में ले जाकर अकेले बंद कर दिया। वहां उसे बुरी तरह डांटा और परेशान किया गया जिससे वह गहरे सदमे में चली गई।

 

यह भी पढ़ें: प्रसाद वाले दूध में नशा मिलाकर दुष्कर्म करने वाला आईआईटियन बाबा गिरफ्तार

20 हजार की फीस के लिए दबाव

पुलिस और मृतका के परिवार के मुताबिक, स्कूल में हुई इस घटना से परेशान होकर अमजोत ने 22 मई को जहर खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान ही अमजोत ने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने अपनी इस स्थिति के लिए सीधे स्कूल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

 

इसके बाद शनिवार की रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह पूरा विवाद सिर्फ 20 हजार रुपये की बकाया स्कूल फीस को लेकर था। अमजोत के परिवार का आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल और स्टाफ ने उनकी मजबूरी को नहीं समझा। स्कूल प्रशासन फीस जमा करने के लिए छात्रा पर लगातार दबाव बना रहा था और उसे ताने दे रहा था। 

 

यह भी पढ़ें: 'नीतीश कुमार भी खाली करें घर', राबड़ी देवी को मिले नोटिस पर भड़के तेज प्रताप

 

पुलिस ने दर्ज किया केस

अमजोत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। सदर पुलिस स्टेशन के एसएचओ किरणदीप सिंह ने बताया कि लड़की के आखिरी वीडियो बयान के आधार पर स्कूल अधिकारियों और प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। पुलिस की टीमें आरोपी स्कूल स्टाफ को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

 

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। स्कूल अधिकारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।