उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहने वाले कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद श्रद्धा दुबे को मुख्य आरोपी बताया था। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल श्रद्धा दुबे फरार हैं। इस बीच श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों का विरोध किया। उन्होंने यह भी कहा कि वह पुलिस के सामने आकर इस मामले में अपनी बात रखना चाहती हैं लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं है। इस वजह से वह पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने नहीं जा पा रही हैं। श्रद्धा ने यह भी कहा है कि उनका नाम किसी नेता या अधिकारी से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में रहने वाले शिवा शर्मा 9 अक्टूबर को एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिर गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल के बाद श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इसी बीच श्रद्धा ने चौंकाने वाला दावा किया है।
यह भी पढ़ें: 'BJP को मजबूत करने के लिए काम करेंगे', राज्यपाल बने बृज मोहन के बयान पर मचा बवाल
शिवा की हत्या नहीं, आत्महत्या का दावा
श्रद्धा ने वीडियो में साफ तौर पर कहा, 'मैं कहीं गायब नहीं हूं। मैं पुलिस के सामने आकर सब कुछ सच-सच बताना चाहती हूं लेकिन मेरी हालत ऐसी है कि मैं पुलिस के सामने नहीं आ सकती। इसलिए मेरी आप सभी से रिक्वेस्ट है कि मेरे बारे में कुछ भी बोलने से पहले 100 बार सोचिए कि मेरा क्या गुनाह है। मैंने कुछ भी नहीं किया है।' इसके बाद श्रद्धा ने कहा कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि यह आत्महत्या का मामला था। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सभी को बताने वाली थीं।
नेताओं के साथ न जोड़ें नाम
सोशल मीडिया पर श्रद्धा का नाम कुछ रसूखदार नेताओं के साथ जोड़ा गया था। इसी को लेकर वीडियो में श्रद्धा ने कहा, 'मेरा किसी नेता के साथ कोई कनेक्शन नहीं है। मैं किसी को नहीं जानती हूं। मैं आप सभी से रिक्वेस्ट करती हूं कि प्लीज मेरे बारे में अफवाह मत फैलाइए।'
यह भी पढ़ें: बिहार के CM सम्राट ने कॉलेजों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से मांगे 5275 करोड़
अभी कहां हैं श्रद्धा?
पुलिस की जांच-पड़ताल के अनुसार, 14 अक्टूबर को श्रद्धा की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार मिली थी। जिस इलाके में कार मिली, वहां से नेपाल की सीमा सिर्फ एक किलोमीटर दूर बताई जा रही है। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे के साथ नेपाल गई होंगी। हालांकि, उनके नेपाल जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
