बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी शहर में साईं बाबा मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के मिस्कॉट मोहल्ले में स्थित मंदिर में देर रात चोरी की यह घटना हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार रात को देर रात मंदिर में घुसे चोर साईं बाबा की चांदी की छतरी और भगवान गणेश जी का चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान की कीमत 25 लाख रुपये तक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना रात करीब एक बजे की है। चोर मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए और साईं बाबा की चांदी की छतरी के साथ भगवान गणेश जी का मुकुट लेकर फरार हो गए। इस घटान की खबर किसी को नहीं लगी और चोर आसानी से निकल गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में हड़कंप मंच गया।
यह भी पढ़ें: टाइगर नहीं सलमान थे शिकार, हमले से पहले हुई थी गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी
लाखों का सामान चोरी
चोरी गए सामान में साईं बाबा का चांदी का छत्र और भगवान गणेश की मूर्ति का मुकुट शामिल होने की जानकारी सामने आई है। साईं बाबा के छत्र का वजन करीब 8 से 10 किलोग्राम बताया जा रहा है, जबकि गणेश जी के मुकुट का वजन लगभग 100 ग्राम बताया जा रहा है। ऐसे में कुल चोरी की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
सो रहे थे पुजारी
इस घटना का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि चोरी के समय पुजारी मंदिर परिसर के अंदर सो रहे थे, लेकिन उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुबह पुजारी की नींद खुलने पर छत्र गायब मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर ही पुलिस की टीम पहुंच गई और उसके बाद लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर: बाइक चलाते वक्त फोन की बैटरी फटी, सड़क पर गिरने से युवक की मौत
जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर का सीसीटीवी कैमरा करीब डेढ़ महीने से खराब था। ऐसे में पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, जांच के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। बताया जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में अपना औजार मंदिर में ही छोड़कर भाग गए। पुलिस ने औजार जब्त कर लिया है, जो जांच में जरूरी सुराग बन सकता है। दान पेटी सुरक्षित मिली है।
