उत्तर प्रदेश में अब रीलबाज पुलिस कर्मियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया पॉलिसी 2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों की सूची बनाने और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है। 15 मई को यह सर्कुलर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश के हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है।

 

इसमें कहा गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल के लिए 8 फरवरी 2023 को सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 जारी की गई थी। मगर देखने में आ रहा है कि कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी इस सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन रील्स आदि के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। इससे शासकीय कार्य प्रभावित होने के अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस की गरिमा और छवि भी प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रही है।

 

यह भी पढ़ें: महिला को पीटा, चप्पलों की माला पहनाई, निर्वस्त्र करके घुमाया

 

पुलिस मुख्यालय ने अपने सर्कुलर में सभी विभागों और कार्यालयों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में ऐसे कर्मियों की पहचान करें और नीति का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

इसके अलावा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में एक तय प्रोफार्मा के मुताबिक हर महीने रिपोर्ट पेश करने का भी निर्देश दिया गया है। कार्यालय प्रमुखों को उल्लंखन करने वाले पुलिसकर्मी के पोस्ट का URL भी अर्काइव के तौर पर सुरक्षित रखने को भी कहा गया है। सर्कुलर में यह भी बताया कि इसे उत्तर प्रदेश के डीजीपी की सहमति के बाद जारी किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: शादी हुई ससुराल गई, नहीं भूल पाई पुराना प्यार; पंचायत ने कराई राधा-चंदन की शादी

 

बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस के कई जवान और अधिकारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। बीच में जब सरकार ने सख्ती बरती तो कुछ ने बिना वर्दी के रील बनाना शुरू कर दिया। वहीं कुछ अब भी वर्दी में ही रील बनाने में जुटे हैं। यूपी से पहले बिहार में भी पुलिस विभाग सख्त सोशल मीडिया नीति लागू कर चुका है। वहां कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त एक्शन भी लिया जा चुका है।