बिहार के भागलपुर में रक्षाबंधन के दिन दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां गंगा स्नान के दौरान तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और गांव में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में राखी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम का माहौल है। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। तीसरी बच्ची उनकी रिश्तेदार बताई जा रही है।

 

 यह घटना पीरपैंती थाना क्षेत्र में सिरमतपुर गोपालीचक पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित ओली टोला में हुई। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे रक्षाबंधन के दिन गंगा स्नान करने गए थे। इसी दौरान उनके साथ गई तीन बच्चियां भी गहरे पानी में चली गईं। बताया जा रहा है कि एक बच्ची के डूबने के बाद उसे बचाने के कोशिश में अन्य दो बच्चियां भी गहरे पानी में चली गईं और तीनों गहरे पानी में लापता हो गईं। देखते ही देखते तीनों बच्चियां गंगा की तेज धारा में समा गईं।

 

यह भी पढ़ें: 'मैं सिर्फ अपना काम करता हूं...', खुद को हीरो बताने पर बोले तुकाराम मुंढे

एक को बचाने में तीनों की गई जान

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों बच्चियां सुबह करीब 9 बजे गंगा स्नान करने गई थीं। गांव के अन्य बच्चे भी साथ में थे। सभी किनारे पर नहा रहे थे, तभी एक बच्ची गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख दूसरी दो बच्चियां उसे बचाने के लिए गईं लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गईं और डूब गईं। घटना के बाद साथ में नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों का शोर सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग और घाट पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण गंगा घाट पर पहुंच गए और बच्चियों की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप बेसुध हो गए हैं। गांव की महिलाएं भी शव देखकर रोने लगीं।

 

यह भी पढ़ें: बच्चे को डांट दिया था, उसके पिता ने स्कूल जाकर टीचर को बेल्ट से पीटा 

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान करिश्मा कुमारी (18 वर्ष), और चंदा कुमारी (16 वर्ष) दोनों निवासी ओली टोला की बताई गई है। दोनों सगी बहनें थीं। वहीं तीसरी बच्ची की पहचान अभिलाषा कुमारी (12 वर्ष) नाथनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिलाषा कुमारी रक्षाबंधन पर अपने ननिहाल ओली टोला आई हुई थी। वह करिश्मा और चंदा की ममेरी बहन थी। तीनों एक साथ गंगा नहाने गई थीं।

 

करिश्मा कुमारी 18 साल की थी और इंटर पास कर चुकी थी। चंदा कुमारी 16 साल की थी और 10वीं में पढ़ती थी। अभिलाषा 12 साल की थी और 7वीं क्लास में पढ़ती थी। तीनों पढ़ने में होशियार थीं। परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन तीनों ने सुबह नहाने के बाद राखी बांधने की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही गंगा स्नान करने चली गईं। उन्हें क्या पता था कि यह स्नान उनकी जिंदगी का आखिरी स्नान बन जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक की भूतनाल झील में मिली 6 लोगों की लाश, इलाके में मचा हड़कंप

SDRF की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चियों की तलाश में जुटी रही, जबकि तब तक गांव के लोगों ने ही शवों को बाहर निकाल लिया था। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में यूडी केस दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

पीरपैंती थानाध्यक्ष ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान तीन बच्चियों की डूबने से मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। जांच में डूबने से मौत की बात सामने आ रही है। घाट पर गहरे पानी के कारण यह हादसा हुआ।