कर्नाटक के विजयपुरा की भूतनाल झील के आसपास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब झील में छह लोगों की लाशें मिलीं। रेस्क्यू टीम को लोगों के शव पानी में तैरते हुए नजर आए। शवों को पानी से बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस को इन लोगों की झील में गिरने की वजह पता नहीं पाया है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शव आज सुबह करीब 8 बजे से 8:30 बजे के बीच झील में मिले। जानकारी के अनुसार, मृतकों में चार महिलाएं और दो लड़के शामिल हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन लोगों की मौत झील में कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह थी। सोशल मीडिया पर शवों को झील से बाहर निकालने के दौरान का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: 'तेजस्वी ही नहीं, सम्राट चौधरी भी 10वीं पास करके दिखाएं', प्रशांत किशोर का तंज
कैसे मिलीं लाशें?
इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि फायर टीम को घटना की जानकारी मिली थी। फायर टीम को कॉल कर बताया गया था कि छह लोग झील में गिरे हुए नजर आए हैं। जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम को छह लोग पानी में दिखाई दिए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
रेस्क्यू टीम ने छह लोगों के शवों को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। झील में छह लोगों की लाशें मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले भाई बना हत्यारा, दो सगी बहनों पर गोली चलाकर की हत्या, हुआ फरार
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस अधिकारियों ने शवों की स्थिति को लेकर अहम जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, सभी शव काफी सड़ चुके थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे पिछले करीब डेढ़ दिन से झील में थे।
फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छह लोग झील में कैसे गिरे और उनकी मौत किस वजह से हुई। साथ ही मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े हर पहलु की भी जांच की जा रही है।