उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में डीजे बजवाने को लेकर दलितों को पीटे जाने का मामला सामने आया है। एक गांव में हुई इस घटना के बाद कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इन लोगों के खिलाफ SC-ST ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बताया गया है कि घर पर हो रहे एक कार्यक्रम के लिए डीजे लगवाया गया था। रमजान की वजह से जब नमाज का वक्त हुआ तो डीजे बंद भी कर दिया लेकिन दोबारा डीजे बजाते ही झगड़ा हो गया।
मामला बुलंदशहर के गनोरा शेख गांव का है। एक दलित परिवार अपने बच्चे के नामकरण का जश्न मना रहा था। इस मौके पर परिवार ने डीजे लगवाया था। परिवार के सदस्य आकाश कुमार ने बताया कि जब पास की मस्जिद में नमाज का समय हुआ, तो उन्होंने सम्मान दिखाते हुए गाना बंद कर दिया था लेकिन जैसे ही नमाज खत्म हुई और उन्होंने दोबारा गाना बजाया, तभी करीब 15 से 20 लोग लाठियां लेकर वहां पहुंच गए।
उन लोगों ने डीजे बजाने का विरोध किया और वहां मौजूद मेहमानों और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ बदतमीजी की। आकाश ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और घर के सामान में तोड़-फोड़ भी की।
यह भी पढ़ें: 'मुझे पता है, वह मेरा नहीं है', लिखकर यूट्यूबर ने खत्म कर ली जिदंगी
12 लोग गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया है। एसएचओ (SHO) नीरज मलिक ने बताया कि इस झड़प में शामिल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि झड़प में शामिल लोगों को कोई बड़ी या गंभीर चोट नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना में सफाई कर्मचारियों की सैलरी 2 लाख, वेतन देने में खर्च हो जा रहे पैसे
पुलिस ने गांव के प्रधान मोईन खान, मतलूब अली, मोहम्मद आदिल, अकरम खान और अन्य के खिलाफ दंगा करने, जानबूझकर चोट पहुंचाने और एससी एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कहा है कि बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी तलाश जारी है।
