महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 11 अप्रैल को एक म्यूजिक कॉन्सर्ट हो रहा था, जहां तीन एमबीए छात्रों ने ड्रग्स का सेवन किया था। ड्रग्स के ओवरडोज के कारण तीनों की हालत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद दो छात्रों की मौत हो गई जबकि एक महिला छात्रा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने इस मामले से जुड़े 5 आरोपियों को शक के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 2 पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र भी शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है।
यह घटना मुंबई के गोरेगांव में हुई, जहां नेस्को वेयरहाउस में रात को लाइव कॉन्सर्ट चल रहा था। इस कार्यक्रम में लगभग 3000 से 4000 लोग मौजूद थे। इस इवेंट का एंट्री पास लगभग 2,000 रुपये था, जहां कई लोग शराब का सेवन कर रहे थे। उन्हीं में से तीन एमबीए छात्र ड्रग्स का सेवन कर रहे थे। ओवरडोज लेने वालों में एक युवक 28 साल का, दूसरा 24 साल का और तीसरी महिला छात्रा 25 साल की है। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि तीनों छात्रों ने ड्रग्स की ओवरडोज ली थी।
यह भी पढ़ें: कटनी स्टेशन पर आरपीएफ का बड़ा रेस्क्यू,163 बच्चों को तस्करी से बचाया
घटना को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, मरने वाले छात्रों ने कॉन्सर्ट में जाते समय टैक्सी में ही ड्रग्स की गोली ली थी। इसके बाद कॉन्सर्ट में पहुंचने के बाद भी उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया, जिससे उनके शरीर में ओवरडोज हो गया और दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने इस इवेंट के ऑर्गनाइजर विहान, इवेंट मैनेजर सनी विनोद जैन, कॉन्सर्ट की सिक्योरिटी टीम के सदस्य बालकृष्ण बलराम और पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इनसे पूछताछ की जा रही है कि आखिर इतने घातक ड्रग्स किसने बेचे।
यह भी पढ़ें: मौत बनकर दौड़ी बस, NH-31 पर चीखों से गूंजा कटिहार, 13 जिंदगियां खत्म
इवेंट मैनेजमेंट टीम ने क्या कहा?
कॉन्सर्ट के आयोजकों ने कहा है कि वे इस मामले में पुलिस की कार्रवाई में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, 'हम इस घटना की गंभीरता को समझते हैं और जांच में पूरा समर्थन देंगे ताकि सच जल्द से जल्द सामने आ सके।'
