महिला आरक्षण के मामले पर विपक्ष को घेरने में जुटी भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर गई है। इसी क्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने महिलाओं के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को 'जनाक्रोश महिला पदयात्रा' निकाली। इस पदयात्रा की शुरुआत करते हुए यूपी के मुख्मयंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कृत्य महिला विरोधी हैं। बीजेपी आरोप लगा रही है कि इन विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने में रुकावट डाली।

 

इस मौके पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिस तरह से विपक्ष ने विरोध किया है, आने वाले चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को इसकी कीमत चुकानी होगी। बता दें कि संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पास कराने में असफल हुई बीजेपी का कहना है कि अब वह इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। बीजेपी का कहना है कि विपक्ष ने महिला आरक्षण के लिए जरूरी बिल पास नहीं होने दिया। वहीं, विपक्षी दलों का कहना है कि जो बिल लाए गए थे वे परिसीमन के लिए थे और बिना उनके भी महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल दूसरा चरण: 23 फीसद उम्मीदवारों पर आपराधिक केस, 22% करोड़पति


विपक्षियों पर बरसे योगी आदित्यनाथ

 

इस मौके पर विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'आज बहनों के नेतृत्व में यह आक्रोश मार्च कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ है। इन पार्टियों का चेहरा अलोकतांत्रिक है। इनके कृत्य महिला विरोधी हैं। इनके सामने पीएम मोदी ने विकल्प दिया था कि ये अपनी महिला विरोधी छवि खत्म कर सकें लेकिन इन लोगों ने उसका नाजायाज विरोध किया है।'

 

 

सीएम योगी ने कहा कि यह आक्रोश कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ देश भर में है। उन्होंने कहा कि खासतौर से आधी आबादी के मन में यह आक्रोश है और लखनऊ में हजारों की संख्या में बहनें इसमें शामिल हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पदयात्रा कालिदास मार्ग से शुरू होकर सिविल अस्पताल होते हुए विधान भवन तक जाएगी। आक्रोश मार्च में शामिल लोग सपा-कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस पदयात्रा में बीजेपी सरकार के मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ ही सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी संविधान संशोधन विधेयक पर कांग्रेस-सपा के रुख के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित कर रही थी।बीजेपी की महिला पदाधिकारियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में नारे लिखी तख्तियां थीं।

 

यह भी पढ़ें: आज आएगा UP बोर्ड का रिजल्ट, 10वीं, 12वीं के बच्चे यूं चेक करें अपने नंबर

 

इस यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश बीजेपी के अध्‍यक्ष और केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल हुए। पदयात्रा में राज्य सरकार में मंत्री और बीजेपी के सहयोगी दलों के नेता आशीष पटेल और ओम प्रकाश राजभर भी शामिल हुए। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पदयात्रा शुरू करते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे दिए।