उत्तर प्रदेश में प्रयागराज मंडल के अंतर्गत कौशांबी जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ है। इस हादसे में आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त और ध्वस्त हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अब तक 5 मौत हुई है, कई घायल हैं। लगभग पांच लोगों को बाहर निकाला गया है। कई लोगों के अंदर फंसे होने की भी खबर सामने आ रही है। मृतकों के आंकड़ें बढ़ सकते हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ, उस वक्त फैक्ट्री में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई, पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। पटाखा फैक्ट्री मनौरी में एयरफोर्स स्टेशन के बेहद करीब है।

 

यह भी पढ़ें: 293 गुना ज्यादा अपराध, ढाई गुना कम है पुलिस, स्पेन की तुलना में कहां है गोरखपुर?

कई मकान भी ध्वस्त

यह धमाका इतना तेज था कि 2 किमी. दूर तक आवाज सुनाई दी, आसपास धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। बताया जा रहा है कि विस्फोट से आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। 5 से 7 मकान भी टूट गए हैं। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि आसपास के घरों के कुछ लोग भी घायल हैं।

यह हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ, यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन यहां से 2 किमी की दूरी पर है। धमाका काफी देर तक होता रहा, कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। गांव के लोग वहां जुट गए और इस हादसे में झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे। 

राहत, बचाव कार्य में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। कौशांबी डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट से पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे। 

हादसे से जुड़े कई वीडियो सामने आ रहे हैं

सोशल मीडिया पर इस हादसे से जुड़े वीडियो लगातार शेयर किए जा रहे हैं। एक बच्ची का वीडियो भी सामने आया है, जो हादसे के समय पास के ही एक घर में थी। बच्ची ने बताया कि इस हादसे में वह बच निकली लेकिन उसकी मां और भाई उसी में दब गए। 

एक दूसरे वीडियो में गांव के लोग मौके पर पहुंच कर फैक्ट्री के अंदर मौजूद घायलों को बाहर निकालते दिख रहे हैं। कुछ लोग घायलों को चारपाई से लेकर खेतों के रास्ते अस्पताल की तरफ भागते नजर आ रहे हैं।