बिहार के समस्तीपुर जिले में एक पुलिस अधिकारी का वीडियो वायरल हुआ, जिससे पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई। वायरल वीडियो में रोसड़ा थाना के एक एएसआई घूस लेते हुए देखे गए। वीडियो सामने आते ही पूरे जिले में पुलिस की वर्दी पर सवाल उठने लगे। मामला जब समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के संज्ञान में पहुंचा, तो उन्होंने बिना देर किए बड़ा ऐक्शन लिया। आरोपी एएसआई अधिकारी को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया।

 

घूस लेने वाले आरोपी एएसआई अधिकारी का नाम योगेश्वर साह है, जो वायरल वीडियो में एक व्यक्ति से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह रकम अवैध वसूली यानी घूस की थी। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। साथ ही पुलिस की छवि पर भी सवाल खड़े होने लगे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार सरकार का फैसला, 211 ब्लॉकों में खुलेंगे कॉलेज; छात्रों को मिलेगी डिग्री

एसपी ने दिखाई सख्ती

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने तत्काल जांच कराई। शुरुआती जांच में आरोपी एएसआई  अधिकारी संदिग्ध पाए गए। इस वजह से उन्हें नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल हो सके।

 

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिसकर्मियों में हड़कंप का माहौल है। मामला सामने आने के बाद एसपी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि वर्दी की आड़ में गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: पति को काला कहती है बहू, iPhone, AC के लिए हर दिन झगड़ा, पुलिस तक पहुंचा मामला

 

जनता बोली, अब दिख रही कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने एसपी की कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि अक्सर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, जबकि इस मामले में तुरंत लिया गया फैसला पुलिस प्रशासन की गंभीरता को दिखाता है।

 

समस्तीपुर पुलिस ने यह साबित कर दिया कि विभाग की छवि खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाती है। वायरल वीडियो ने भले ही खाकी को शर्मसार किया हो, हालांकि एसपी की तत्काल कार्रवाई ने यह संदेश भी दे दिया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।