आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में विजाग स्टील प्लांट में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती खबर के मुताबकि पिघला हुआ लोहा गिरने से 8 मजदूरों की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद तुरंत बाद विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त शंकरब्रत बागची मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने निकल गए। उन्होंने कहा, 'शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।'

 

पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट में पिघले हुए लोहे को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गर्म लोहा छलककर मजदूरों पर गिर गया। पुलिस ने बताया कि पिघले हुए लोहे का तापमान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था, जिसकी वजह से मजदूर बुरी तरह झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: 'मैं मुसलमान हूं', शामली धर्म परिवर्तन केस में चांदनी के पति का नया दावा

चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर जताया दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा, 'विशाख स्टील प्लांट में हुआ हादसा बेहद दुखद है और इस खबर से मैं गहरे सदमे में हूं। यह जानकर बहुत दुख हुआ कि इस दुर्घटना में कई मजदूरों की जान चली गई। मैंने संबंधित अधिकारियों से बात की है और सभी सरकारी विभागों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं।'

यह दुर्घटना कैसे हुई?

विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के सर्किल इंस्पेक्टर केशव राव ने बताया कि प्लांट के SMS-2 और STC-3 हीट फैसिलिटी में भारी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए। यह हादसा बेहद ऊंचे तापमान वाला पिघला स्टील ले जा रही एक लैडल में विस्फोट होने के कारण हुआ। केशव राव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट के अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य जारी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।