आर जी कर रेप और मर्डर केस में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार की खूब थू-थू हुई थी। पश्चिम बंगाल की सरकार ने इस केस को फिर से खोला है और पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। अब भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को आड़े हाथ लेते हुए ममता बनर्जी ने पूछा है कि हाल ही में बेहला में रेप हुआ है तो अब कोई क्यों प्रदर्शन नहीं कर रहा है। ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी पहले से भी ज्यादा मजबूत होगी। TMC की मुखिया ममता बनर्जी ने बीजेपी से नजदीकी बढ़ा रहे नेताओं के बारे में कहा है कि अभी तक ये लोग सत्ता में थे और अब हारते ही दूसरी पार्टी से समझौता करने लगे हैं।

 

उन्होंने आरोप लगाए हैं कि बीजेपी TMC विधायकों पर दबाव बना रही है कि वे पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो जाएं। उधर टीएमसी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने दो विधायकों संदीपन साहा और रिताब्रत बनर्जी को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाए हैं कि उनके कार्यकर्ताओं को घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है और दफ्तर तोड़ दिए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: तृणमूल कांग्रेस ने दो विधायकों को पार्टी से निकाला, वजह क्या रही?

बागियों पर भड़कीं ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने कहा है, 'बेहला में रेप हुआ है। अब कोई प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहा है? टीएमसी ने किसी से पैसे नहीं लिए हैं। कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं जो परिस्थितियों का फायदा उठाते हैं लेकिन जिन लोगों को लगा कि ऐसे लोग उनकी संपत्ति हैं, तो वे लोग चले गए हैं और हम उनके बिना ही ठीक हैं। हम अपनी पार्टी को नए सिरे से बनाएंगे। टीएमसी अपने नेताओं के लिए नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए है। जब तक कार्यकर्ता हमारे साथ हैं तो हम मजबूत हैं। इतने समय से कुछ लोग हमारे साथ थे, सत्ता का आनंद लिया और अब जब हम हार गए हैं तो उन लोगों ने तुरंत ही दूसरी पार्टी से समझौता कर लिया है।'

अपनी पार्टी के सांसदों पर हुए हमलों के बारे में ममता बनर्जी ने कहा, 'जिस तरह से आपने विपक्ष की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के सांसद पर हमला किया वह हैरान करने वाला है। डॉक्टरों को फोन किया गया लेकिन अस्पतालों को निर्देश दिए गए थे कि इलाज नहीं करना है। यह किस तरह का व्यवहार है। बेलेव्यू हॉस्पिटल के लोग मेरे पैर छूते थे। पहले बिरला और लोधा से आपकी अच्छी डीलिंग थी और आप उनके सामने झुकते थे। हमारा मेयर हर चीज का ध्यान रखता था। 6 महीने पहले ही हमने अपोलो का लाइसेंस रिन्यू किया है।'

 

यह भी पढ़ें: कभी बर्तन धोने वाली कलिता माझी भी बंगाल सरकार में बनीं मंत्री, BJP ने दिया मौका

 

TMC की स्थिति पर ममता बनर्जी ने कहा है, 'टीएमसी पहले से भी ज्यादा मजबूत होगी। आज जो लोग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं कि हमारी पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं के साथ नहीं खड़े हैं, वे झूठ फैला रहे हैं।  कानून व्यवस्था पूरी तरह से तबाह है। हिटलर भी ऐसी चीजें नहीं करता। इस स्थिति को बयां करने के लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं है। जब भाषा फेल हो जाती है तो इसका मतलब है कि दमन की सारी सीमा पार हो चुकी है। आप टीएमसी के किसी विधायक या सांसद को डराकर या रिश्वत देकर हमें कमजोर नहीं कर सकते हो। इससे आप हमारी पार्टी को और भी मजबूत कर रहे हो।'