उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रहने वाले फूड ब्लॉगर के एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में ब्लॉगर एक मांसाहारी होटल का रिव्यू दे रहा था। साथ ही वीडियो में उसने शिव मंदिर के कुछ शॉट भी दिखाए थे, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद ब्लॉगर ने वीडियो डिलीट कर दी और माफी भी मांगी। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने ब्लॉगर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
फूड ब्लॉगर का नाम अनस है, जो कुछ दिन पहले अपने वीडियो में अल यामीन होटल के मांसाहारी फूड का रिव्यू दे रहा था। इस वीडियो की शुरुआत शिव चौक से हुई थी, जहां भगवान शिव का मंदिर और तिरंगा दिखाया गया था। इस वीडियो को लेकर बजरंग दल ने विरोध जताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बजरंग दल के लोगों का कहना था कि इस वीडियो से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
यह भी पढ़ें: दुकान जा रही थी लड़की, रास्ते में किडनैप, अब मिली लाश; तमिलनाडु में मचा बवाल
किन लोगों ने वीडियो का किया विरोध
इस वीडियो को लेकर विश्व हिंदू परिषद के रवि चौधरी, शैंकी शर्मा और प्रह्लाद ने खुलकर विरोध जताया था। इन लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मांग की थी कि वे अनस के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। इसके बाद अनस ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी।
अनस ने मांगी थी माफी
वीडियो पर विवाद बढ़ने के बाद अनस ने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा, 'मैं खाना खाने के लिए अल यामीन होटल जा रहा था। जाते समय शिव चौक पर तिरंगा लगा हुआ था, जो हमारे देश की शान है। उसी खूबसूरत नजारे को देखते हुए मैंने एक शॉट ले लिया था। मेरी मंशा किसी भी हिंदू धर्म के लोगों की भावनाओं को आहत करने की नहीं थी। अगर मेरी वजह से किसी हिंदू भाई का दिल दुखा हो, तो मैं माफी मांगता हूं।'
यह भी पढ़ें: 40 डिग्री की तपन, मीलों का सफर, शंकरगढ़ में बूंद-बूंद पानी को तरसती जिंदगी
पुलिस ने किया अनस को गिरफ्तार
अनस के माफी मांगने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बीएनएस की धारा 170 के तहत अनस को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वीडियो को लेकर अफवाहें न फैलाएं।
