प्रयागराज महाकुंभ 2025 में अपनी पहचान बनाने वाले 'IITian बाबा' यानी अभय सिंह ने संन्यास की राह छोड़ अब वैवाहिक जीवन में कदम रख दिया है। अभय सिंह ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने कर्नाटक की रहने वाली इंजीनियर प्रतीका से शादी कर ली है। यह जोड़ा 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हिमाचल के अघंजर महादेव मंदिर में विवाह बंधन में बंधा और इसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की। लंबे समय बाद अपने घर झज्जर पहुंचे अभय सिंह ने अब अपनी पत्नी के साथ मिलकर आध्यात्म और शिक्षा के क्षेत्र में नया कार्य करने का निर्णय लिया है।
अभय सिंह और उनकी पत्नी प्रतीका पहली बार अपने परिवार से मिलने झज्जर पहुंचे। यहां अभय अपने पिता के एडवोकेट चैंबर में गए, जहां वह कभी खुद केस स्टडी किया करते थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ही उन्हें घर लेकर आई हैं और फिलहाल वे दोनों सादगी से जीवन बिता रहे हैं। अभय की पत्नी प्रतीका, जो खुद एक इंजीनियर हैं, उन्होंने अभय को एक सच्चा और ईमानदार इंसान बताया। अब यह जोड़ा हिमाचल के धर्मशाला में रह रहा है और उनका सपना एक ऐसी 'सनातन यूनिवर्सिटी' स्थापित करने का है जहां देशभर के गुरु और साधकों को एक मंच पर लाया जा सके।
यह भी पढ़ें: SDM के सामने विधायक के बेटे ने कहा, 'पापा विधायक हैं..', फॉर्च्युनर सीज हो गई
IIT बॉम्बे की पढ़ाई
अभय सिंह का शुरुआती जीवन काफी मेधावी रहा। झज्जर के सासरौली गांव में जन्मे अभय ने IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की और डिजाइनिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। उनकी काबिलियत के दम पर उन्हें कनाडा में हवाई जहाज बनाने वाली कंपनी में करीब 3 लाख रुपये प्रति माह की नौकरी मिली। हालांकि, 2021 में लगे लॉकडाउन ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। भारत लौटने के बाद उनका झुकाव फोटोग्राफी और फिर धीरे-धीरे अध्यात्म की ओर होने लगा, जिसके बाद उन्होंने परिवार से संपर्क तोड़कर सन्यास का मार्ग चुन लिया था।
यह भी पढ़ें: '80 पर्सेंट पाकिस्तानी गे हैं, बाकी बाइसेक्शुअल', हिना बलोच के दावे पर मची खलबली
महाकुंभ में चर्चा
साल 2025 के प्रयागराज महाकुंभ में अभय सिंह 'IITian बाबा' के रूप में देश-विदेश की मीडिया में छा गए थे। उनके गुरु सोमेश्वर पुरी उन्हें काशी से अपने साथ लाए थे ताकि वह महापुरुषों के दर्शन कर सकें। हालांकि, उनका संन्यासी जीवन विवादों से भी भरा रहा। अनुशासनहीनता के चलते उन्हें जूना अखाड़े से बाहर कर दिया गया। इसके अलावा, नोएडा के एक न्यूज चैनल में डिबेट के दौरान मारपीट और जयपुर में गांजा रखने के आरोप में हुई गिरफ्तारी ने भी उन्हें काफी समय तक सुर्खियों में रखा। इन सभी उतार-चढ़ाव के बाद अब अभय ने दोबारा सामान्य जीवन की ओर वापसी की है।
