बिहार के समस्तीपुर में एक प्रेमी को जब अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने अपने घर की दूध देने वाली भैंस बेच दी। भैंस को बेचने के बाद जो रुपये मिले, उससे उस युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से मंदिर में इंटरकास्ट लव मैरिज शादी कर लिया। जब इस शादी की खबर लड़के के परिवार वालों को मिली तो वे नाराज होकर तुरंत मंदिर पहुंच गए। परिजन ने मंदिर पहुंचकर दूल्हे राजा की जमकर पिटाई कर दी वहीं युवक की बहनों ने मंदिर के बाहर दुल्हन को लेकर भारी हंगामा खड़ा कर दिया।
यह पूरा मामला समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के थानेश्वर मंदिर के पास का है। सरायरंजन थाना क्षेत्र के रहने वाले सतावन चौधरी का अपनी प्रेमिका के साथ काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वे दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे लेकिन सतावन चौधरी के पास शादी का खर्च उठाने के लिए पैसे नहीं थे। अपनी मोहब्बत को पाने के लिए उसने घर की दूध देने वाली भैंस को बेचने का फैसला किया। भैंस बेचकर उसने शादी के लिए पैसे जुटाए। रुपये का इंतजाम होते ही उसने अपनी प्रेमिका के साथ पहले कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वे दोनों नगर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध थानेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां हिंदू रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लेकर शादी कर ली।
यह भी पढ़ें: गूगल मैप ने दिया धोखा, हिमाचल के 'कश्मीर' में पहुंचे ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक
मंदिर के बाहर हुआ बवाल
सतावन चौधरी ने अपनी प्रेमिका से दूसरी जाति में शादी की थी जिससे उसके घर के लोग बिल्कुल खुश नहीं थे। शादी के सारे नियम पूरे करने के बाद जब दूल्हा और दुल्हन मंदिर से अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी सतावन चौधरी के घरवालों को इस शादी का पता चल गया। इस शादी से गुस्से में आए परिजन बिना देर किए तुरंत थानेश्वर मंदिर पहुंच गए। देखते ही देखते मंदिर के बाहर बहुत बड़ा हंगामा शुरू हो गया। नाराज परिजन ने लड़के को देखते ही उसे पीटना शुरू कर दिया जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके साथ ही दूल्हे की बहनों ने भी मंदिर के बाहर दुल्हन को लेकर जमकर हंगामा किया और इस शादी का विरोध किया।
यह भी पढ़ें: 7वीं के छात्र से स्कूल से ही 'गुरुजी' ने मंगवाई शराब, गुजरात में हंगामा हो गया
पुलिस ने शांत कराया हंगामा
मंदिर के बाहर चल रहे इस हंगामे और ड्रामे की वजह से वहां से आने-जाने वाले लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग तमाशा देखते रहे। इसी बीच माहौल को बिगड़ता हुआ देखकर किसी व्यक्ति ने स्थानीय पुलिस को इस हंगामे की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को आपस में समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले को रफा-दफा किया।
