कर्नाटक के बेंगलुरु में ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर रविवार को गवर्नर की गाड़ियों को निकालने के लिए पुलिस ने रास्ता बंद कर दिया था। इसकी वजह से वहां करीब 30 मिनट तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस जाम में एक आदमी अपनी प्रेग्नेंट पत्नी को गाड़ी में लेकर फंसा हुआ था। काफी देर तक जब रास्ता नहीं खुला तो वह आदमी अपनी गाड़ी से नीचे उतरा और बीच सड़क पर जेब्रा क्रॉसिंग पर बैठ गया। वह पुलिसवालों से बहस करने लगा कि गवर्नर के आने से पहले ही आम जनता को इतनी देर तक क्यों रोक कर रखा गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना जीवान बीमा नगर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले इसरो जंक्शन पर हुई। इस रोड पर पहले से ही एक अंडरपास बनाने का काम चल रहा है जिसकी वजह से रास्ता छोटा हो गया है और अक्सर ट्रैफिक लगा रहता है। उसी दिन कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत वहां से गुजरने वाले थे। उनके लिए पुलिस ने अचानक गाड़ियों को रोक दिया। पहले से चल रहे काम और अचानक रास्ता बंद होने से वहां सैकड़ों गाड़ियां फंस गई और जाम लग गया।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने पैर में मारी गोली, पानी मांगने लगा मासूम को जमीन पर पटकने वाला दरिंदा
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @Prajvalprince नाम के एक यूजर ने दी। उन्होंने दोपहर करीब 12:13 मिनट पर इस घटना का एक वीडियो पोस्ट किया। यूजर ने लिखा कि आज गवर्नर के लिए ट्रैफिक को पूरे 30 मिनट रोक दिया गया जिसमें एक प्रेग्नेंट महिला भी फंस गई। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वह आदमी इसरो जंक्शन पर जेब्रा क्रॉसिंग के ऊपर बैठ गया। वह ट्रैफिक पुलिसवालों से बहस कर रहा था और चिल्लाकर कह रहा था कि सर मेरी पत्नी प्रेग्नेंट है। गवर्नर अभी एचएएल एयरपोर्ट से निकले भी नहीं हैं लेकिन पुलिस ने पहले ही सिग्नल पर सबको रोक दिया है। वह अपनी पत्नी को लेकर जा रहा था और वहां से निकलने का कोई दूसरा शॉर्टकट रास्ता भी नहीं था।
पुलिस के समझाने पर हटा आदमी
जब वह आदमी सड़क से हटने के लिए तैयार नहीं हुआ तो ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी होयसला पुलिस को दी। होयसला पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उस आदमी को समझाया। इसके बाद वह आदमी गाड़ी में जाकर बैठा और फिर गवर्नर की गाड़ियों को वहां से निकाला गया।
यह भी पढ़ें: रूस से बहू बनकर भारत आई, ससुराल वालों ने कराए ऐसे काम, बदल गई जिंदगी
इस घटना के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर ट्रैफिक पुलिस को लेकर अपनी बात रखी। मामला बढ़ने पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एक असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस यानी एसीपी को इस मामले की जांच दी गई है। पुलिस अब एचएएल एयरपोर्ट से लेकर घटना वाली जगह तक के सभी सीसीटीवी फुटेज को देख रही है ताकि इसपर एक्शन लिया जा सके।
