बिहार के जमुई जिले में प्यार से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो लड़कियों ने आपस में शादी कर ली है। ये दोनों लड़कियां रिश्ते में फुफेरी बहनें थीं, जिनमें एक बहन पेशे से टीचर है। दोनों बचपन से एक-दूसरे से प्यार करती थीं। इसी वजह से एक बहन ने सर्जरी कराकर अपना जेंडर बदल लिया और लड़का बन गई। सर्जरी कराने के लिए एक बहन ने बैंक से लोन लिया था। जिसके बाद दिल्ली आकर 8 लाख रुपये खर्चकर सर्जरी कराई थी। इसके बाद दोनों ने मंदिर में सात फेरे लिए। शादी की रस्मों से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।


लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हरला गांव में रहने वाली राखी कुमारी ने नयनश्री के साथ शादी की है। राखी ने अपना जेंडर बदला और राहुल बन गए। इसके बाद 31 मई को दोनों ने सात फेरे लिए। शादी के वीडियो में भी देखा जा सकता है कि नयनश्री दुल्हन बनी थीं, जबकि राखी उर्फ राहुल दूल्हे के रूप में नजर आए।

 

जानकारी के लिए बता दें कि नयनश्री ने 2023 में बीपीएससी (BPSC)  की परीक्षा पास की थी और टीचर बनी थीं। वह इस समय लक्ष्मीपुर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में टीचर हैं। राखी के परिवार के मुताबिक, दोनों ने बिना बताए शादी की थी। राखी फोन खरीदने के बहाने घर से निकली थीं। इसके बाद उन्होंने शादी कर ली।

 

यह भी पढ़ें: 6 साल की बच्ची को नाली में डुबा रहा था पिता, वीडियो वायरल होने पर हुआ गिरफ्तार

 

क्या है राखी और नयनश्री की प्रेम कहानी?

राखी और नयनश्री एक-दूसरे की रिश्तेदार थीं, इस वजह से दोनों बचपन में एक-दूसरे के घर आती-जाती थीं। बचपन से ही दोनों बहनों की अच्छी दोस्ती थी। दोनों ने अपनी उच्च शिक्षा भी साथ में पूरी की थी। इसके बाद दोनों पटना में BPSC परीक्षा की तैयारी करने के लिए चली गईं, जहां दोनों साथ रहकर कोचिंग जाती थीं। उसी दौरान दोनों की दोस्ती और गहरी हुई। दोनों का रिश्ता जल्द ही दोस्ती और बहन के रिश्ते से आगे बढ़कर प्रेम में बदल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों बहनों ने लक्ष्मीपुर के पटेश्वर नाथ मंदिर में शादी की थी।

यह देश में पहला मामला नहीं है जब दो लड़कियों को एक-दूसरे से प्यार हुआ हो। साथ ही यह पहली बार भी नहीं है जब दो लड़कियों ने शादी की हो। यह मामला इसलिए अनोखा माना जा रहा है क्योंकि दो फुफेरी बहनों ने शादी की है।

 

यह भी पढ़ें: यूपी में सड़क बनी अखाड़ा, जमकर चले बेल्ट और लात-घूंसे, वीडियो वायरल

8 लाख रुपये में कराया जेंडर चेंज

राखी ने जेंडर सर्जरी कराने के लिए बैंक से लोन लिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में ऑपरेशन कराया था। परिवार के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद राखी एक महीने तक अस्पताल में रहीं। इसके बाद वह बिहार लौटी थीं।