हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई में रहने वाली सुनीता ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। सुनीता की शादी दो सगे भाइयों, प्रदीप नेगी और कपिल नेगी से हुई है और अब शादी के 10 महीने बाद इस अनोखे परिवार में बच्चे की किलकारी गूंजी है। दोनों भाइयों ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी और नवजात बच्ची की फोटो शेयर करते हुए बताया कि आज का दिन उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत और यादगार दिन है क्योंकि अब उनकी छोटी सी 'तिकड़ी' में एक नन्हा मेहमान शामिल हो गया है।
प्रदीप और कपिल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि इस नन्हे मेहमान के आने से न सिर्फ उनका घर, बल्कि उनके दिल भी खुशियों से भर गए हैं। उन्होंने बताया कि देवी-देवताओं और बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद से उन्हें माता-पिता बनने का सौभाग्य मिला है। परिवार ने इस अहसास को शब्दों में बयां करना मुश्किल बताया और भगवान से प्रार्थना की कि उनकी बच्ची हमेशा स्वस्थ, खुश और सुरक्षित रहे। साथ ही उन्होंने खुद को इतनी शक्ति देने की प्रार्थना की ताकि वे बच्ची को एक अच्छी परवरिश दे सकें।
यह भी पढ़ें: 'आईआईटियन बाबा' अभय सिंह ने संन्यास छोड़कर किससे कर ली शादी?
फैंस का प्यार
बच्ची के जन्म से पहले ही प्रदीप और सुनीता ने 25 मार्च को सोशल मीडिया के जरिए बता दिया था कि सुनीता मां बनने वाली हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था कि उनका परिवार अब तीन से चार होने वाला है और फैंस से आने वाले बच्चे के लिए दिल से दुआएं मांगी थीं। जैसे ही 16 अप्रैल को बच्ची के जन्म की खबर आई, इंटरनेट पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया और उनकी तस्वीरें खूब वायरल होने लगीं।
यह परिवार सोशल मीडिया पर 'सिरमौरी जोड़ीदार भाई' के नाम से बहुत मशहूर है, जहां वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की झलकियां लोगों के साथ शेयर करते रहते हैं। काम की बात करें तो बड़े भाई नेगी हिमाचल में ही सरकारी नौकरी करते हैं, जबकि छोटे भाई कपिल नेगी विदेश में एक रेस्टोरेंट में काम कर रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी सुनीता चौहान ने आईटीआई (ITI) की पढ़ाई की है और वह भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से जुड़ी रहती हैं।
क्या है हाटी समुदाय की 'जोड़ीदारा' प्रथा?
सिरमौर जिले के हाटी समुदाय में 'जोड़ीदारा' एक बहुत पुरानी और सामाजिक रूप से मान्य परंपरा है। इस प्रथा के तहत एक ही परिवार के दो या उससे ज्यादा भाई आपसी सहमति से एक ही लड़की से शादी करते हैं। इसी परंपरा को निभाते हुए प्रदीप नेगी और कपिल नेगी ने जुलाई 2025 में सुनीता चौहान के साथ सात फेरे लिए थे। आज के समय में जब लोग पुराने रिवाजों को भूल रहे हैं, तब एक पढ़े-लिखे परिवार द्वारा इस अनोखी शादी को अपनाना देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली को 10 में से 2 नंबर, विदेशी महिला ने ऐसा क्या खराब देख लिया?
क्यों निभाई जाती है यह पुरानी परंपरा?
हाटी समुदाय में इस परंपरा को मनाने के पीछे कुछ खास सामाजिक और आर्थिक कारण हैं। सबसे बड़ी वजह यह है कि इससे परिवार की खेती और जमीन का बंटवारा नहीं होता और जायदाद सुरक्षित रहती है, यह प्रथा संयुक्त परिवार को एकजुट रखने और भाइयों के बीच आपसी प्रेम, अटूट विश्वास और तालमेल को बढ़ाने के लिए निभाई जाती है। यह पूरी शादी समाज की मंजूरी के साथ खुशी-खुशी कराई जाती है।
