पंजाब के होशियारपुर की एक मोबाइल शॉप सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है, जहां कुछ दिन पहले अचानक 4 युवक दुकान लूटने पहुंचे थे लेकिन दुकानदार ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया, जिस वजह से चोर अंदर ही कैद हो गए। दुकानदार के मुताबिक, ये चोर लगभग 2 घंटे तक दुकान में फंसे रहे। इस दौरान चारों ने कई बार शटर खोलने की कोशिश की और लोहे की रॉड से शटर पर वार किया ताकि वह टूट जाए और वे बाहर निकल सकें लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुकानदार का आरोप है कि ये चारों चोर दुकान में घुसकर धमकी दे रहे थे और लोहे की रॉड से तोड़फोड़ कर रहे थे। इस दौरान दुकान में कुछ कस्टमर भी मौजूद थे, जो लुटेरों का व्यवहार देखकर डर गए और बाहर की ओर भाग गए। दो लड़कियां जो ग्राहक के तौर पर दुकान में आई थीं, वे अंदर ही रह गईं। सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद कई लोग चोरों का मजाक उड़ा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: महीनों से बंद कमरा, बेड पर मिला कंकाल, पिता का गोलमोल जवाब, डरा देगी ये कहानी
वायरल वीडियो में क्या है?
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि मोबाइल शॉप में 4 लोग मुंह पर कपड़ा बांधे और हाथों में लोहे की रॉड लिए घुसते हैं और आते ही तोड़फोड़ शुरू कर देते हैं। यह देखकर दुकानदार और अन्य ग्राहक दुकान से बाहर निकल जाते हैं। सभी लोग बाहर निकल चुके थे लेकिन दो लड़कियां अंदर ही रह गईं।
इसी दौरान दुकानदार ने बाहर से शटर बंद कर दिया, जिससे अंदर मौजूद चोर फंस गए। उन्होंने कई बार शटर खोलने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके और उनकी चोरी की योजना नाकाम हो गई। शटर तभी खोला गया जब मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची। इस वीडियो को देखने के बाद लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
यह भी पढ़ें: 3 महीने पहले चोरी हुई थी स्कूटी, अब चालान कटा तो दिख गया चोर का चेहरा
क्या है लोगों की राय?
एक्स (X) अकाउंट पर मनीष नाम के एक व्यक्ति ने कहा, 'चोरों को तुरंत कर्मा मिल गया, जो किसी भी पुलिस रिस्पॉन्स से कहीं ज्यादा तेज था।'
दीपक ने कहा, 'ये लोग लूटने आए थे और बाद में रहम की भीख मांगते नजर आए। प्लॉट ट्विस्ट अपने आप लिखा गया और सच कहूं तो सिक्योरिटी ने गलती से ही सही, वे कर दिया जो ज्यादातर सिस्टम जानबूझकर भी नहीं कर पाते।'
अनिल ने कहा, 'शटर बंद करके सही किया। चोर पहले से ही फंस चुके थे। अगर उन्होंने किसी को नुकसान पहुंचाया होता, तो उन्हें बहुत गंभीर नतीजे भुगतने पड़ते। इसी वजह से चोर शटर खोलने की कोशिश कर रहे थे क्योंकि उन्हें पता था कि वे बड़ी मुसीबत में हैं।'
