पिछले 7 दिनों से एम्प्लॉयीज प्रॉविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (
EPFO
) की वेबसाइट तकनीकी काम के चलते पूरी तरह बंद है, जिसके कारण करोड़ों लोगों का पीएफ का पैसा निकालने और अकाउंट से जुड़ी जानकारी चेक करने का काम पूरी तरह से फंसा हुआ है। यह बड़ी तकनीकी परेशानी 26 जून 2026 की रात 12:00 बजे से शुरू हुई थी। ईपीएफओ का कहना है कि वे अपने सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए यह बड़ा तकनीकी बदलाव यानी सिस्टम माइग्रेशन कर रहे हैं जिसके कारण अभी कोई भी ऑनलाइन सेवा उपलब्ध नहीं है। आज 2 जुलाई 2026 की सुबह तक भी वेबसाइट पर काम पूरा नहीं हो पाया है जिससे आम कर्मचारियों और कंपनियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वेबसाइट पर अभी 'सिस्टम में पहले से तय बदलाव और अस्थायी रूप से सेवा का बंद होना' का मैसेज दिख रहा है। इसका मतलब है कि यह काम योजना के मुताबिक हो रहा है और फिलहाल वेबसाइट कोई सेवा नहीं दे रही है। पहले उम्मीद थी कि वेबसाइट 1 जुलाई तक ठीक हो जाएगी लेकिन अभी तक सेवाएं शुरू नहीं हुई हैं। वेबसाइट बंद होने के कारण लोग अपना काम नहीं कर पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: UPI हो या डिजिटल इन्वेस्टमेंट, हर क्षेत्र में आगे निकल रही हैं महिलाएं
कौन सी ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह से बंद हैं?
वेबसाइट के बंद होने से ऑनलाइन सेवाएं काम नहीं कर रही हैं। इसमें पीएफ का पैसा निकालने के लिए नए क्लेम जमा करना और पुराने क्लेम का स्टेटस देखना शामिल है। इसके अलावा पीएफ की पासबुक ऑनलाइन चेक या डाउनलोड नहीं की जा सकती। कर्मचारियों के यूएएन से जुड़ी जानकारी अपडेट करना या नया यूएएन लिंक करने का काम भी बंद है। कंपनियां 'इलेक्ट्रॉनिक चालान-सह-रिटर्न'(ECR) फाइल नहीं कर पा रही हैं और न ही कर्मचारियों का रिकॉर्ड अपडेट कर पा रही हैं। उमंग ऐप पर मिलने वाली ईपीएफओ की सेवाएं भी इस दौरान बंद हैं।
जब तक वेबसाइट सही नहीं हो जाती तब तक ईपीएफओ ने बैलेंस चेक करने के लिए दो ऑपशन दिए हैं। आप अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं। इसके अलावा 7738299899 पर एसएमएस भेजकर भी बैलेंस पता किया जा सकता है। इसमें 'EPFOHO UAN ENG' अंग्रेजी जानकारी के लिए और 'EPFOHO UAN HIN' हिंदी जानकारी के लिए लिखकर भेजना होगा।
यह भी पढ़ें: एक तरफ स्मार्ट बैंकिंग, दूसरी तरफ स्मार्ट ठगी, क्या AI के दौर में सुरक्षित पैसा?
कब तक इंतजार करना है?
ईपीएफओ के मुताबिक, यह बदलाव वेबसाइट को बेहतर बनाने के लिए है। काम पूरा होने के बाद सर्विस पहले से अच्छी हो जाएगी। मेंटेनेंस शुरू होने से पहले जमा किए गए क्लेम को पोर्टल शुरू होने के बाद प्रोसेस किया जाएगा। अभी यह साफ नहीं है कि वेबसाइट ठीक होने में और कितना समय लगेगा इसलिए अभी इंतजार करना होगा। जो भी नई जानकारी होगी वह ईपीएफओ द्वारा दी जाएगी।