logo

ट्रेंडिंग:

ऐसा क्या हुआ कि एलन मस्क को पीछे छोड़ सबसे अमीर बन गए लैरी एलिसन?

ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन अब दुनिया के सबसे रईस शख्स बन गए हैं। उन्होंने एलन मस्क को पछाड़ दिया है। एलिसन के पास 393 अरब डॉलर की संपत्ति हो गई है।

larry ellison

एलन मस्क और लैरी एलिसन। (Photo Credit: AI Generated Image)

टेस्ला के मालिक एलन मस्क अब दुनिया के सबसे रईस शख्स नहीं रहे। उनकी जगह अब ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन सबसे दौलतमंद बन गए हैं। सबसे ज्यादा संपत्ति के मामले में अब लैरी एलसन ने एलन मस्क को पछाड़ दिया है। एलन मस्क के पास सबसे लंबे समय तक 'सबसे रईस शख्स' होने का खिताब था।


लैरी एलिसन तब सबसे अमीर बन गए, जब ओरेकल के शेयरों में कुछ ही मिनटों में 33% से ज्यादा का उछाल आ गया। 81 साल के एलिसन कॉलेज ड्रॉपआउट हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक, अब एलिसन की नेटवर्थ 393 अरब डॉलर हैं। भारतीय करंसी में यह रकम 34.62 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, एलन मस्क की नेटवर्थ 385 अरब डॉलर (33.90 लाख करोड़ रुपये) है।


एलिसन इसलिए पछाड़ सके क्योंकि एक ओर ओरेकल के शेयर बढ़ रहे हैं तो दूसरी तरफ एलन मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है। इस साल अब तक टेस्ला के शेयरों में 14 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।


ब्लूमबर्ग इंडेक्स ने तो एलन मस्क की संपत्ति 385 डॉलर आंकी है। हालांकि, फोर्ब्स अब भी एलन मस्क को ही सबसे अमीर बता रहा है। फोर्ब्स के मुताबिक, एलन के पास 439 अरब डॉलर की नेटवर्थ है। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि नेटवर्थ आंकने का पैमानों अलग-अलग है।

 

यह भी पढ़ें-- घर-गाड़ी-कमाई; GST के अलावा कहां-कहां टैक्स देता है आम आदमी?

लेकिन ऐसा हुआ कैसे?

  • 36% चढ़े शेयर: ओरेकल के शेयरों में 10 सितंबर को जबरस्त उछाल आया। एक ही दिन में ओरेकल के शेयर लगभग 36% बढ़े। 9 तारीख को ओरेकल के एक शेयर की कीमत 241.51 डॉलर थी जो 10 को बढ़कर 328.33 डॉलर हो गई।
  • एलिसन के 40% शेयर: लैरी एलिसन ओरेकल के को-फाउंडर हैं। उनके पास ओरेकल के सबसे ज्यादा शेयर हैं। एलिसन के पास ओरेकल के 40% शेयर हैं। बुधवार को ओरेकल के शेयरों में हुई बढ़ोतरी से मार्केट खुलने के आधे घंटे में ही एलिसन की संपत्ति 100 अरब डॉलर बढ़ गई।
  • टेस्ला के शेयर में गिरावट: टेस्ला के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है। इस साल टेस्ला के शेयर 14% तक गिर चुके हैं। पिछले साल 17 दिसंबर को टेस्ला के शेयर 479.86 डॉलर की कीमत तक पहुंच गए थे। 10 सितंबर को टेस्ला के एक शेयर की कीमत 347.79 डॉलर पहुंच गई।
 

मस्क क्यों और कैसे पिछड़ गए?

ओरेकल के शेयरों में अचानक उछाल की वजह कंपनी की फाइनेंशियल रिपोर्ट है। कंपनी ने हाल ही में 300 अरब डॉलर से ज्यादा के नए कॉन्ट्रैक्ट्स का ऐलान किया था। 


ओरेकल ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि उसे उम्मीद है कि इस साल उसके क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस का रेवेन्यू 77% बढ़कर 18 अरब डॉलर हो जाएगा। उसके बाद चार साल में यह बढ़कर 144 अरब डॉलर हो जाएगा। एलिसन ने कहा था, 'एआई सबकुछ बदल देता है।'


दूसरी तरफ, एलन मस्क की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से झगड़े ने भी उनके बिजनेस को काफी नुकसान पहुंचाया है।


टेस्ला की इलेक्ट्रिक कार की बिक्री लगातार घट रही है। कंपनी ने इसमें बड़े बदलाव का वादा किया था लेकिन अब तक इसमें कोई सुधार नहीं हुआ है। यूरोप में टेस्ला की बिक्री में लगातार 7 महीने से गिरावट जारी है। कुछ ही महीनों में यूरोप में टेस्ला की बिक्री 40% तक घट चुकी है। ट्रंप से अनबन के चलते लोग टेस्ला नहीं खरीद रहे हैं। अमेरिका में भी टेस्ला का मार्केट शेयर घट रहा है।

 

यह भी पढ़ें-- 4 की जगह अब 2 स्लैब; नए GST से सरकार को कितना नफा-नुकसान? समझिए गणित

कितने अमीर हो गए हैं एलिसन?

लैरी एलिसन के पास अब लगभग 36 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति हो गई है। यह इतनी बड़ी रकम है कि एलिसन एक साल तक 50 लाख अमेरिकियों का खर्चा उठा सकते हैं। इसका मतलब हुआ कि फ्लोरिडा में रहने वाले सभी अमेरिकियों को एक साल तक नौकरी करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।


इतना ही नहीं, लैरी एलिसन चाहें तो साउथ अफ्रीका की पूरी आबादी को एक साल के लिए छुट्टी पर भी भेज सकते हैं। एक साल तक साउथ अफ्रीकी कुछ न भी करें तो भी एलिसन के पास इतना पैसा है कि वह उनका पूरा खर्चा उठा सकते हैं।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap