शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत के बाद गिरावट देखने को मिली। वहीं, त्योंहारों का सीजन खत्म होते ही घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई है। बात करें शेयर बाजार की तो आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स सुबह 9:16 बजे 407.65 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 81,503.36 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। BSE बैंकएक्स में भी गिरावट रही। यह 381.19 अंक यानी 0.55 प्रतिशत टूटकर 68,870.02 पर पहुंच गया। BSE फोकस्ड IT इंडेक्स 86.52 अंक यानी 0.22 प्रतिशत गिरकर 38,393.09 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 सुबह 9:17 बजे 177.60 अंक यानी 0.70 प्रतिशत गिरकर 25,121.75 के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा निफ्टी बैंक 476.55 अंक यानी 0.77 प्रतिशत टूटकर 61,041.95 पर पहुंच गया। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 264.35 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 27,792.80 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी नेक्स्ट 50 भी 431.85 अंक यानी 0.59 प्रतिशत गिरकर 73,049.40 के स्तर पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: बीमा कंपनियों के दो हिसाब होंगे एक जैसे, IRDAI क्यों बदलना चाहता है नियम?
कैसा रहा कंपनियों का हाल?
तेजी वाले शेयरों में सन फार्मा सबसे आगे रहा, जो 0.49 प्रतिशत बढ़कर 1,896 रुपये पर पहुंचा। टाइटन 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,906.50 रुपये पर और हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.12 प्रतिशत चढ़कर 1,963.55 रुपये पर रहा। पावरग्रिड (0.06 प्रतिशत), एचसीएल टेक (0.05 प्रतिशत) और टेक महिंद्रा (0.03 प्रतिशत) में मामूली बढ़त दिखी।
गिरावट में एम एंड एम में सबसे ज्यादा गिरावट दिखी, यह 1.88 प्रतिशत टूटकर 3,344.55 रुपये पर आ गया। इंडिगो 1.41 प्रतिशत गिरकर 5,562.65 रुपये पर और एचडीएफसी बैंक 1.35 प्रतिशत फिसलकर 800.90 रुपये पर रहा। बीईएल (1.17 प्रतिशत), बजाज फाइनेंस (1.08 प्रतिशत) और मारुति (1.00 प्रतिशत) में भी एक प्रतिशत से ज्यादा की कमजोरी रही।
बैंकिंग शेयरों पर दबाव साफ दिखा। आईसीआईसीआई बैंक 0.52 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.55 प्रतिशत और एसबीआई 0.18 प्रतिशत नीचे रहे। आईटी में टीसीएस (0.18 प्रतिशत) और इन्फोसिस (0.29 प्रतिशत) हल्के कमजोर रहे। रिलायंस 0.39 प्रतिशत और एलएंडटी 0.65 प्रतिशत गिरे।

सोना-चांदी कितने में है?
घरेलू बाजार में त्योंहारों का सीजन खत्म होते ही सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई है। आज सोना महंगा होकर करीब 1.37 रुपये लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी भी तेजी के साथ 1.80 रुपये लाख प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।
24 कैरेट सोना करीब 136,820 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग 125,441 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। वहीं 18 कैरेट गोल्ड 102,843 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। बुलियन मार्केट में चांदी की कीमत लगभग 179,560 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।