भारत में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बहुत तेज़ी से बढ़ रहा है और लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और खरीदारी के लिए इसका खूब उपयोग कर रहे हैं। एक बहुत बड़ी सच्चाई यह है कि ज्यादातर लोग अपने कार्ड से मिलने वाले फायदे और रिवॉर्ड पॉइंट्स का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। सेवसेज के एक हालिया सर्वे के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले 70 फीसदी लोग अपने रिवॉर्ड्स को सही तरीके से मैनेज करने में असफल रहते हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि हर 10 में से 7 लोग अपनी शॉपिंग पर मिलने वाले उन फायदों को छोड़ रहे हैं जो उनके काफी काम आ सकते थे और वे अपने हक के फायदों को गंवा रहे हैं।
क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड्स एक तरह का इनाम होता है जो बैंक आपको कार्ड का इस्तेमाल करने पर देते हैं। जब भी आप कार्ड से कोई खरीदारी करते हैं तो बैंक आपको उस खर्च के बदले निश्चित पॉइंट्स देता है जिन्हें जमा करके भविष्य में खरीदारी पर छूट पाई जा सकती है। बैंक अक्सर अलग-अलग तरह के खर्चों जैसे कि पेट्रोल, ग्रोसरी या ऑनलाइन शॉपिंग पर पॉइंट्स की कीमतें अलग रखते हैं, इसलिए अगर आप अपने कार्ड के नियम ध्यान से पढ़ें तो आप यह जान सकते हैं कि किस खर्च पर आपको ज्यादा रिवॉर्ड मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: डिजिटल और पेपरलेस दुनिया में बैंकों ने कागज और स्टेशनरी पर खर्च किए 3877 करोड़
अपने रिवॉर्ड्स का पूरा लाभ उठाने के लिए आपको बैंक के मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर जाकर नियमित रूप से रिवॉर्ड पॉइंट्स चेक करते रहना चाहिए और पॉइंट्स की एक्सपायरी डेट पर नजर रखनी चाहिए। अक्सर पॉइंट्स एक्सपायर होकर बेकार हो जाते हैं। पॉइंट्स को सिर्फ कैशबैक में बदलने के बजाए, पार्टनर ब्रांड्स के वाउचर या यात्रा बुकिंग में इस्तेमाल करना अक्सर ज्यादा फायदेमंद होता है।
जानकारी की कमी
देश में क्रेडिट कार्ड का चलन बढ़ रहा है लेकिन पेमेंट करने के पुराने तरीके अभी भी हावी हैं। हैरानी की बात यह है कि 55 फीसदी दैनिक लेनदेन अभी भी यूपीआई या नकद के जरिए किए जाते हैं और लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने के बजाए पारंपरिक तरीकों को ही ज्यादा तरजीह देते हैं। क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर उन्हें न सिर्फ रिवॉर्ड्स मिलते हैं, बल्कि फ्री क्रेडिट पीरियड यानी ब्याज मुक्त समय का लाभ भी मिलता है।
रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने का तरीका
अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स को इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले बैंक के मोबाइल ऐप या नेट बैंकिंग में लॉग इन करके क्रेडिट कार्ड सेक्शन में जाएं और वहां मौजूद 'रिवॉर्ड पॉइंट्स' ऑपशन पर क्लिक करें। इसके बाद 'रिवॉर्ड कैटलॉग' में जाकर गिफ्ट वाउचर, ऑनलाइन शॉपिंग या कैशबैक में से अपनी पसंद का ऑपशन चुनें और यह देख लें कि आपके पास कितने पॉइंट्स हैं।
यह भी पढ़ें: फैमिली फ्लोटर बीमा सस्ता तो है पर क्या आपके परिवार के लिए सही है?
अपनी जरूरत के हिसाब से पॉइंट्स की संख्या दर्ज करें और रिडीम बटन पर क्लिक करने के बाद ओटीपी डालकर प्रोसेस पूरी करें, जिसके बाद पॉइंट्स का लाभ आपके कार्ड या संबंधित सेवा में जुड़ जाएगा। इस पूरी प्रोसेस के दौरान बस यह ध्यान रखना जरूरी है कि पॉइंट्स की एक्सपायरी डेट न निकल गई हो।