12 नवंबर को खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी हुए। अक्टूबर में महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पहुंच गई। सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 फीसदी की ऊपरी सीमा से ज्यादा है। अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार महंगाई इस सीमा के पार पहुंची है। महंगाई बढ़ने से आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ सकता है। इसका असर अब आपकी EMI पर भी पड़ सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर में रेपो रेट बढ़ा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं। खासकर फ्लोटिंग ब्याज दर पर लोन लेने वालों की EMI बढ़ सकती है। यानी हर महीने आपको पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है।
CareEdge Ratings की 12 नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, खाने-पीने की चीजों की महंगाई भी 7.4 फीसदी से बढ़कर 8.5 फीसदी हो गई। सब्जियों की महंगाई दर 12 फीसदी रही। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि महंगाई के दबाव को देखते हुए RBI दिसंबर की बैठक में रेपो रेट 0.25 फीसदी बढ़ा सकता है। इससे होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज की EMI बढ़ने की आशंका है।
50 लाख के होम लोन पर कितनी बढ़ेगी EMI?
मान लीजिए आपने 20 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लिया है। फिलहाल ब्याज दर 7.50 फीसदी है। इस हिसाब से आपकी मासिक EMI करीब 40,280 रुपये बनती है। अगर ब्याज दर बढ़कर 7.75 फीसदी हो जाती है, तो EMI बढ़कर 41,047 रुपये हो जाएगी। यानी आपको हर महीने 768 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं, ब्याज दर 8 फीसदी होने पर EMI बढ़कर 41,822 रुपये हो जाएगी। ऐसे में आपकी मौजूदा EMI के मुकाबले हर महीने 1,542 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अगर ब्याज दर 0.25 फीसदी बढ़ती है तो आपको सालभर में करीब 9,216 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं, 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी पर सालाना अतिरिक्त खर्च करीब 18,504 रुपये हो सकता है। यह गणना इस आधार पर है कि लोन की अवधि 20 साल ही रहे और बैंक ब्याज दर में पूरी बढ़ोतरी लागू करे। बैंक EMI बढ़ाने के बजाय लोन चुकाने की अवधि भी बढ़ा सकता है।
यह भी पढ़ें: आम दिनों में दिल्ली से मुंबई का किराया पटना से महंगा, दिवाली पर बदलती है तस्वीर
फरवरी में भी बढ़ोतरी का अनुमान
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के हेड ऑफ रिसर्च राजीव शरण के मुताबिक, अक्टूबर में महंगाई 6.09 फीसदी पहुंचने से दिसंबर में रेपो रेट बढ़ने की संभावना है। उनका अनुमान है कि RBI इसे 0.25 फीसदी बढ़ाकर 5.75 फीसदी कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतों में 116 फीसदी की बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ी है। वहीं, कोर महंगाई भी सितंबर के 4.47 फीसदी से बढ़कर 4.65 फीसदी हो गई है। राजीव शरण के मुताबिक, फरवरी में भी रेपो रेट 0.25 फीसदी बढ़ सकता है। इससे यह 6 फीसदी तक पहुंच जाएगा। हालांकि, खाद्य पदार्थों की कीमतें जल्द घटती हैं तो आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी की जरूरत कम हो सकती है।
रेपो रेट बढ़ने पर क्या असर होगा?
रेपो रेट वह ब्याज दर है जिस पर RBI दूसरे बैंकों को कर्ज देता है। जब यह दर बढ़ती है तो बैंकों के लिए कर्ज लेना महंगा हो सकता है। इसका असर ग्राहकों को मिलने वाले लोन पर भी पड़ सकता है। हालांकि, इसका असर हर ग्राहक पर एक जैसा नहीं होगा। अगर आपका होम लोन फ्लोटिंग रेट पर है और RBI के रेपो रेट से जुड़ा है, तो ब्याज दर बढ़ने पर आपकी EMI या लोन की अवधि बढ़ सकती है। फिक्स्ड ब्याज दर वाले लोन पर आमतौर पर इसका सीधा असर नहीं पड़ता।
यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता
दिसंबर में कब होगी RBI की बैठक?
RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की अगली बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 तक होनी है। इसी बैठक में रेपो रेट को लेकर फैसला किया जाएगा। अगर RBI ब्याज दर बढ़ाता है तो इसका असर बैंकों की लोन दरों पर पड़ सकता है। हालांकि, अंतिम फैसला आने तक EMI बढ़ने को लेकर कोई निश्चित बात नहीं कही जा सकती।