केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार, 15 अप्रैल को 10वीं के बोर्ड रिजल्ट जारी कर दिए हैं। इस साल यह रिजल्ट काफी अच्छे रहे और बच्चों में उत्साह देखने को मिला। इस रिजल्ट के बाद अब लाखों छात्र अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए आगे की पढ़ाई के विकल्प चुनेंगे। बच्चे आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस के बीच अपने लिए बेहतरीन और मनपसंद करियर विकल्प का चयन करेंगे। इसके साथ ही अगर आपको जल्दी से नौकरी शुरू करनी है तो 10वीं के बाद आपको 12वीं करने की जरूरत नहीं है बल्कि आपके पास कई अन्य विकल्प भी मौजूद हैं।
10वीं के बाद ज्यादातर छात्र 12वीं तक की पढ़ाई करने का विकल्प ही चुनते हैं। कई छात्रों को जानकारी नहीं है कि इस विकल्प के अलावा भी उनके पास कई ऐसे विकल्प हैं जिनका वह चयन कर सकते हैं और अच्छा करियर बना सकते हैं। इसमें आपको सर्टिफिकेट के साथ-साथ स्किल्स भी सीखने को मिलेंगी।
यह भी पढ़ें: CBSE 10th Result 2026: सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक
ITI
10वीं के बाद ITI यानी इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में दाखिला लेना भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह 1 या 2 साल का ट्रेनिंग कोर्स है और इसमें इलेक्ट्रीशियन, फिटर, डीजल मैकेनिक जैसे काम सीखाए जाते हैं। तकनीकी सेक्टर में नौकरी के लिए यह एक मशहूर विकल्प है। लगभग हर जिले में एक ना एक आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान है। यानी आपके अपने ही जिले में आपको यह ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट मिल सकता है। सर्टिफिकेट मिलने के बाद आप किसी भी कंपनी में जाकर काम शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीय रेलवे में टेक्नीशियन की भर्ती के लिए अप्लाई कर सकते हैं। भारतीय सेना में भी भर्ती के विकल्प मौजूद होते हैं।
पॉलिटेक्निक कोर्स
10वीं के बाद पॉलिटेक्निक कोर्स भी छात्रों के पास एक अच्छा विकल्प है। इसे डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग भी कहते हैं। यह कोर्स प्रैक्टिकल स्किल्स और इंडस्ट्री की जरूरतों पर ज्यादा फोकस करता है, जिससे छात्र जल्दी नौकरी पा सकते हैं या आगे की पढ़ाई में लेटरल एंट्री ले सकते हैं। इस कोर्स को 14 साल से ज्यादा उम्र के छात्र कर सकते हैं। इसमें कई अलग-अलग ब्रांच होती हैं और आप अपनी रुचि के हिसाब से ब्रांच का चयन कर सकते हैं। इसके अलावा कई वॉकेशनल कोर्स करने का भी विकल्प छात्रों के पास मौजूद होता है।
10वीं के बाद नौकरी
10वीं पास करने के बाद छात्र सरकारी नौकरियों के कई विकल्प चुन सकते हैं। खासकर रेलवे, पुलिस और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 10वीं के आधार पर भर्तियां निकलती हैं। इनमें से ज्यादातर भर्तियों में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), मेडिकल टेस्ट औरडॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल होता है।
भारतीय सेना में 10वीं के बाद मुख्य रूप से अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होती है। इसमें अग्निवीर जीडी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर टेक्निकल जैसै पदों के लिए आवेदन किया जा सकता है। कई पदों के लिए आप 17.5 साल की उम्र से अप्लाई कर सकते हैं और 22 साल की उम्र तक अप्लाई कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीय रेलवे में 10वीं पास छात्र RRB Group D परीक्षा दे सकते हैं, जिसमें ट्रैक मैनटेनर, हेल्पर, पॉइंट्समैन, असिस्टेंट जैसे पद आते हैं।
यह भी पढ़ें: डिग्री से ज्यादा स्किल की मांग बढ़ रही, इन 5 सेक्टर्स में युवाओं के लिए मौके
एनडीए
10वीं के बाद आप 12वीं के साथ-साथ नेशनल डिफेंस एकेडमी यानी एनडीए की भी तैयारी कर सकते हैं। भले ही यह परीक्षा 12वीं पास छात्रों के लिए है लेकिन इसकी तैयारी के लिए आपको 10वीं के बाद से प्लान करना होता है। इसके लिए आप 10वीं के बाद अपनी स्ट्रीम का चयन भी सोच-समझकर करें। 12वीं के बाद आर्मी, नेवी या एयरफोर्स में अधिकारी स्तर पर भर्ती के लिए कोशिश कर सकते हैं। इसमें खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए आप 16.7 साल की उम्र से लेकर 19.5 साल की उम्र तक अप्लाई कर सकते हैं। इसके अलावा भी कई अन्य नौकरियां हैं जिनमें 10वीं के बाद आप अप्लाई कर सकते हैं।