12वीं के बाद कैसे बनाएं एनिमेशन में करियर? कोर्स से स्किल्स तक पूरा रोडमैप समझिए
एनिमेशन सेक्टर में करियर के विकल्प लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार भी इस सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कोशिश कर रही है। 12वीं के बाद कुछ कोर्स करके और स्किल सीखकर आप इस सेक्टर में अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं।

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit: Freepik
आज के डिजिटल दौर में एनिमेशन एक तेजी से बढ़ता करियर ऑप्शन बन चुका है। फिल्मों, गेम्स, टीवी सीरियल, वेब सीरीज और सोशल मीडिया कंटेंट में एनिमेशन की मांग तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि 12वीं के बाद बड़ी संख्या में छात्र एनिमेशन और डिजाइनिंग जैसे कोर्स करना चाहते हैं। इस सेक्टर में काम करने वालों के लिए देश और विदेश दोनों जगह अवसर बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि आज के समय में युवा इस सेक्टर की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
हाल ही में सरकार ने भी एनिमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स सेक्टर को बढ़ावा देने का ऐलान किया है। बजट 2026 में सरकार ने 'ऑरेंज इकोनॉमी' पर जोर दिया है। ऑरेंज इकोनॉमी उन क्षेत्रों को कहा जाता है जहां क्रिएटिव सोच, आर्ट, मीडिया और कंटेंट से लोग पैसा कमाते हैं। इसमें एनिमेशन, डिजाइन, गेमिंग, कॉमिक्स और डिजिटल कंटेंट जैसे सेक्टर शामिल हैं। सरकार का मानना है कि यह सेक्टर रोजगार और स्टार्टअप के लिए बड़ा अवसर बन सकता है।
यह भी पढ़ें: UPI की तर्ज पर एजुकेशन सेक्टर में बनेगा 'भारत बोधन AI स्टैक', फायदे क्या हैं?
एनिमेशन सेक्टर पर जोर
बजट 2026 में सरकार ने कहा है कि एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स सेक्टर को 2030 तक करीब 20 लाख प्रोफेशनल्स की जरूरत होगी। इसी को देखते हुए सरकार देशभर के 15,000 स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब बनाने की योजना ला रही है। इससे छात्रों को शुरू से ही एनिमेशन और डिजिटल टूल्स की ट्रेनिंग मिलेगी। सरकार एनिमेशन जैसे क्षेत्रों पर जोर दे रही है, जिसके चलते युवा भी इन क्षत्रों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
कैसे करें करियर की शुरुआत?
12वीं के बाद छात्र एनिमेशन में डिप्लोमा या डिग्री कोर्स कर सकते हैं। इसके लिए किसी खास स्ट्रीम की जरूरत नहीं होती। आर्ट्स, साइंस या कॉमर्स किसी भी स्ट्रीम से छात्र एनिमेशन कोर्स कर सकते हैं। एनिमेशन में करियर शुरू करने के लिए सबसे जरूरी है क्रिएटिव सोच और कंप्यूटर की बेसिक समझ। इसके बाद छात्र प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेकर इस फील्ड में कदम रख सकते हैं। प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए छात्र अलग-अलग कोर्स कर सकते हैं। बेसिक काम सीख कर आप कहीं जॉब शुरू कर सकते हैं।
एनिमेशन में कोर्स?
एनिमेशन में कई तरह के कोर्स उपलब्ध हैं। इसमें 2डी एनिमेशन, 3डी एनिमेशन, वीएफएक्स, गेम डिजाइनिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और मल्टीमीडिया शामिल हैं। छात्र यह स्किल्स सीखने के लिए डिप्लोमा, सर्टिफिकेट या बैचलर डिग्री कोर्स कर सकते हैं।
- डिप्लोमा इन एनिमेशन
- बीएससी या बीए इन एनिमेशन
- वीएफएक्स और गेम डिजाइनिंग
- ग्राफिक डिजाइनिंग और मल्टीमीडिया
एनिमेशन में करियर
एनिमेशन सेक्टर में कई तरह के जॉब ऑप्शन हैं। एनिमेटर, गेम डिजाइनर, वीएफएक्स आर्टिस्ट, ग्राफिक डिजाइनर, वेब डिजाइनर और कंटेंट क्रिएटर जैसी नौकरियां इसमें शामिल हैं। फिल्म इंडस्ट्री, टीवी चैनल, गेमिंग कंपनियां, एड एजेंसियां और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म एनिमेशन प्रोफेशनल्स को काम पर रखते हैं। इसके अलावा फ्रीलांस काम का भी अच्छा मौका है।
कितनी होगी सैलरी?
एनिमेशन जैसे करियर उभरते और नए करियर विकल्प हैं। इनमें पारंपरिक प्रोफेशन की तरह सैलरी का कोई निर्धारित पैरामीटर नहीं है। एनिमेशन में सैलरी स्किल और अनुभव पर निर्भर करती है। शुरुआती स्तर पर एनिमेटर को 15,000 से 30,000 रुपये महीने तक मिल सकते हैं। अनुभव बढ़ने पर सैलरी लाखों रुपये तक भी जा सकती है। विदेश में काम करने पर इनकम और ज्यादा हो सकती है। जब आप काम सीख जाएंगे और आपको कुछ सालों का अनुभव हो जाएगा तो आपकी सैलरी लाखों में भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: PNB बैंक में पेड अप्रेंटिस की भर्ती के लिए बेशुमार मौके, ऐसे करें अप्लाई
एनिमेशन में जरूरी स्किल
एनिमेशन में सफल करियर के लिए कुछ खास स्किल जरूरी हैं। इसमें क्रिएटिव सोच की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। जो कोई भी क्रिएटिव सोच कर नए आइडिया पर काम कर सकता है उसके लिए इस सेक्टर में संभावनाएं ज्यादा हैं। इसके अलावा ड्रॉइंग और डिजाइनिंग की नॉलेज, कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर की समझ, टीमवर्क और कम्युनिकेशन स्किल को होना भी बहुत जरूरी है। एनिमेशन सेक्टर में हर रोज नए बदलाव होते रहते हैं। हर रोज नए तरीके के आइडिया पर काम किया जाता है ऐसे में नए ट्रेंड सीखने की इच्छा रखने वाले लोग इस प्रोफेशन में बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
लगातार बढ़ रहा एनिमेशन सेक्टर
बीते एक दशक में डिजिटल प्लेटफॉर्म और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का तेजी से विकास हुआ है। इनके बढ़ने से एनिमेशन की मांग तेजी से बढ़ी है। सरकार और निजी कंपनियां इस सेक्टर में निवेश कर रही हैं। कंटेंट क्रिएशन और गेमिंग का बाजार भी तेजी से बढ़ रहा है। सरकार का कहना है कि क्रिएटिव सेक्टर आने वाले समय में रोजगार का बड़ा स्रोत बन सकता है। इसी वजह से एनिमेशन को भविष्य का करियर माना जा रहा है। अगर आप क्रिएटिव हैं और कंप्यूटर में रुचि रखते हैं, तो एनिमेशन आपके लिए अच्छा करियर हो सकता है। सही कोर्स और ट्रेनिंग लेकर आप इस फील्ड में अच्छा नाम कमा सकते हैं। आज के समय में एनिमेशन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि एजुकेशन, मेडिकल, गेमिंग, एड और सोशल मीडिया हर जगह इसकी जरूरत है। इसलिए आने वाले सालों में इस सेक्टर में नौकरियों की संख्या और बढ़ सकती है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap



