देशभर में लाखों छात्रों का सपना इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) से पढ़ाई करन का होता है लेकिन सीटों की संख्या कम होने के कारण बहुत कम छात्र ही यह सपना पूरा कर पाते हैं। ऐसे स्टूडेंट्स अब IIT हैदराबाद से इंटर्नशिप करके अपने सीवी में IIT का नाम जोड़ सकते हैं। IIT हैदराबाद ने समर अंडरग्रेजुएट रिसर्च एक्सपोजर (SURE) इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगर आप रिसर्च करना चाहते हैं तो यह इंटर्नशिप आपके लिए बेहद खास रहने वाली है। इसके साथ ही छात्रों को पैसा भी मिलेगा।
यह इंटर्नशिप दो महीने तक चलेगी। इसके लिए जो शेड्यूल जारी किया गया है उसके अनुसार, इंटर्नशिप 15 मई से 14 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस प्रोग्राम में आपको रिसर्च से जुड़ी काफी चीजें सीखने का मौका मिलेगा। इस इंटर्नशिप के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 10 मार्च तक आप इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 12वीं के पेपर के बाद कॉलेज एडमिशन से पहले करें ये कोर्स, बाद में बहुत काम आएंगे

कौन कर सकता है अप्लाई?
इस प्रोग्राम के लिए सिर्फ IIT के ही नहीं, बल्कि दूसरे कॉलेजों के छात्र भी अप्लाई कर सकते हैं। खास बात यह है कि नॉन इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले स्टूडेंट्स भी इस के लिए अप्लाई कर सकते हैं। छात्र MSc या MA के पहले साल में, या B.Tech/B.Des के दूसरे या तीसरे साल में होने चाहिए. इसके अलावा इंटीग्रेटेड B.Tech-M.Tech के तीसरे या चौथे साल के छात्र भी अप्लाई कर सकते हैं।
इसके लिए जरूरी है कि आप अपने सब्जेक्ट में अपने कॉलेज के टॉप 20 प्रतिशत में शामिल हों और इसकी पुष्टि आपके कॉलेज का हेड करे। इसके साथ ही रेगुलर यानी फुल टाइम स्टूडेंट ही इस कोर्स के लिए अप्लाई कर सकते हैं।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
अगर आप इस इंटर्नशिप के लिए सिलेक्ट हो जाते हैं तो आपको 15,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। यह स्टाइपेंड इंटर्नशिप के पूरे टाइम यानी 2 महीने के लिए होगा। इस तरह आपको एक महीने के 7,500 रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही आपको IIT हैदराबादा कैंपस में हॉस्टल में रहने की सुविधा भी दी जाएगी। इसके साथ ही आपको खाने-पीने की के लिए मेस का एक्सेस भी मिलेगा लेकिन उसके लिए आपको खुद ही पैसा देना होगा।
यह भी पढ़ें: नौकरी की हर जानकारी एक जगह, जानिए कैसे मदद करेगा सरकारी NCS पोर्टल
कैसे करें अप्लाई?
आवेदन के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरें, सीवी, मार्कशीट और टॉप 20 प्रतिशत प्रमाण-पत्र अपलोड करें। इसके लिए आप https://iith.ac.in/research/SURE/ लिंक पर जा सकते हैं। सिलेक्टिड छात्रों की लिस्ट 15 अप्रैल 2026 तक वेबसाइट पर जारी की जाएगी और ईमेल के जरिए सूचना दी जाएगी।
250 छात्रों का होगा सिलेक्शन
IIT हैदराबाद ने 250 इंटर्नशिप सीटों की घोषणा की है। इसमें महिला उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर यह है कि 250 में से 100 सीटें महिला छात्रों के लिए आरक्षित हैं। सिलेक्शन दो चरणों में होगी, जिसमें पहले आपके सीवी की जांच की जाएगी और उसके बाद ऑनलाइन इंटरव्यू होगा।