भारत में युवाओं को एकेडमिक रिसर्च के लिए अलग-अलग तरह से सहायता दी जाती है। इसी तरह जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड (JNMF) की जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप भी रिसर्च करने वाले युवाओं को आर्थिक मदद देती है। इस फेलोशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को दो साल तक हर महीने 1 लाख रुपये दिए जाते हैं। यानी 24 महीने में कुल 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है। इस फेलोशिप के अलावा भी कई अन्य फेलोशिप प्रोग्राम हैं जिसमें युवाओं को रिसर्च के लिए मदद दी जाती है।
जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप में हर महीने एक लाख रुपये के अलावा सरकारी कामों के लिए सहायता, ट्रैवल और अन्य जरूरी खर्चों के लिए सालाना अधिकतम 75 हजार रुपये की राशि भी दी जाती है। खास बात यह है कि यह फेलोशिप केवल पारंपरिक पीएचडील छात्रों के लिए ही नहीं बल्कि साइंस, आर्ट, पत्रकारिता लेखन और सार्वजनिक जीवन से जुड़े ऐसे लोगों के लिए भी है, जो अपने क्षेत्र में कोई नया और उपयोगी प्रोजेक्ट करना चाहते हैं। फेलोशिप के लिए उम्मीदवार को भारत का नागरिक होना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: IIT खड़गपुर बना रहा AI स्कूल, फिजिकल AI में करियर बनाने के लिए मिलेगा मौका
किसे मिलेगी फेलोशिप?
इस योजना में आवेदन करने के लिए किसी एक निर्धारित शैक्षणिक डिग्री जरूरी नहीं बताई गई है। सबसे अहम शर्त यह है कि उम्मीदवार ने अपने विशेषज्ञता वाले क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया हो और उसके पास किसी मौलिक तथा क्रिएटिव प्रोजेक्ट को पूरा करने की क्षमता हो। यानी केवल डिग्री या अच्छे अंकों के आधार पर चयन नहीं होगा, बल्कि उम्मीदवार का अब तक का काम, अनुभव, प्रस्तावित प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और उसकी उपयोगिता भी देखी जाएगी।
इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की चयन समिति बनाई जाती है। यही समिति आवेदनों का मूल्यांकन कर योग्य उम्मीदवारों का चयन करती है। फेलोशिप की अवधि दो साल होती है। इसकी खास बात यह है कि इसमें काम करने के लिए किसी एक विश्वविद्यालय या संस्थान से जुड़ना अनिवार्य नहीं है। उम्मीदवार भारत में अपनी पसंद की जगह से प्रोजेक्ट पूरा कर सकता है।
कैसे करना है आवेदन?
जवाहरलाल नेहरू फेलोशिप के लिए कोई निर्धारित प्रिंटेड आवेदन फॉर्म नहीं है। इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन तैयार कर सकते हैं। आवेदन में सबसे पहले अपना बायोडाटा देना होगा, जिसमें अब तक किए गए मौलिक कार्यों और उपलब्धियों की डिटेल्स देनी होगी। इसके साथ अपने विशेषज्ञता वाले क्षेत्र में काम के अनुभव की जानकारी देनी होगी।
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तावित प्रोजेक्ट का सिनॉप्सिस है। इसे डबल स्पेसिंग में टाइप करना होगा और इसकी लंबाई अधिकतम 1,000 शब्द होनी चाहिए। इसके अलावा हाल की पासपोर्ट साइज फोटो भी लगानी होगी। आवेदन इन सभी जानकारियों के साथ सचिव, जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल फंड, तीन मूर्ति हाउस, नई दिल्ली-110001 के पते पर भेजना है।
यह भी पढ़ें: घर वाले सोचते रहे लंदन में MBA कर रही है बेटी, पुणे के फ्लैट में मिली लाश
अन्य फेलोशिप
JNMF के अलावा भी देश में कई योजनाएं हैं, जिनसे रिसर्च के लिए आर्थिक सहायता मिल सकती है। UGC की जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के तहत NET-JRF या UGC-CSIR परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को शुरुआती दो साल तक 37,000 रुपये प्रतिमाह और इसके बाद एलिजिबल एवं मूल्यांकन के आधार पर सीनियर रिसर्च फेलोशिप (SRF) में 42,000 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं।
साइंस के सब्जेट्स् में रिसर्च करने के लिए CSIR-UGC NET JRF भी एक विकल्प है। वहीं प्रधानमंत्री रिसर्च फेलोशिप (PMRF) के तहत एलिजिबल रिसर्चर्स को 70,000 से 80,000 रुपये प्रतिमाह के साथ सालाना 2 लाख रुपये का रिसर्च ग्रांट मिलता है। इसके लिए IIT, IISc, NIT, IISER और अन्य निर्धारित संस्थानों के माध्यम से आवेदन किया जाता है इसके अलावा भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर योजनाएं हैं जिनसे रिसर्च को बढ़ावा मिलता है।